उदयपुर

मानसून पैलेस पर बरस रहे पर्यटन के बादल

खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन के प्रति पर्यटकों के आकर्षण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले ढाई साल में 11 लाख 52 हजार 473 मेहमानों ने दीदार किए हैं।

2 min read
Dec 02, 2024
उदयपुर के सज्जनगढ़ पैलेस में पर्यटक

उदयपुर घूमने आने वाले पर्यटकों की यहां देखने वाली जगहों की सूची में पिछोला और फतह सागर के साथ-साथ सज्जनगढ दुर्ग यानी मानसून पैलेस का नाम जरूर होता है। खासकर बारिश के मौसम में मानसून पैलेस से शहर का नजारा देखने लायक रहता है। पहाडि़यों को चूमते बादल किसी हिल स्टेशन जैसा अहसास कराते हैं। इस खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन के प्रति पर्यटकों के आकर्षण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले ढाई साल में 11 लाख 52 हजार 473 मेहमानों ने मानसून पैलेस के दीदार किए हैं। इससे जू ट्रस्ट को 17 करोड़ 21 लाख 14 हजार की आय हुई है।मौसम के अनुसार पर्यटकों की आमद की बात करें तो दीपावली से लेकर नववर्ष तक तो उदयपुर में पर्यटन का परम्परागत सीजन होता ही है। लेकिन मानसून पैलेस सहित उदयपुर की खूबसूरत वादियां अब बरसात की मौसम में भी पर्यटकों को बरबस ही अपनी ओर खींच लाती है। इस साल अगस्त माह में उदयपुर घूमने आए पर्यटकों की संख्या इस बात की तस्दीक करती है। चल रहे वित्तीय वर्ष की बात करें तो इस साल जुलाई, अगस्त और सितम्बर यानी मानसून के दौरान सर्वाधिक पर्यटकों ने सज्जनगढ़ (मानसून) पैलेस के दीदार किए। अगस्त माह में इस साल के सर्वाधिक 56 हजार 203 पर्यटक मानसून पैलेस पहुंचे। जिससे जू ट्रस्ट को एक करोड़ 23 लाख 97 हजार रुपए की आय हुई। इस साल अक्टूबर माह तक 2 लाख 43 हजार 745 पर्यटक सज्जनगढ़ को देख चुके हैं। इससे कुल 5 करोड़ 27 लाख 69 हजार 615 रुपए की आय हुई है। जबकि अभी साल पूरा होने में पांच माह बाकी है। वहीं सर्वाधिक पर्यटकों की आवक भी इन्हीं महिनाें में होती है। ऐसे में यह आय दो गुना होने की उम्मीद जताई जा रही है।

सज्जनगढ पैलेस और जैविक उद्यान की आय से तैयार हो गई लॉयन सफारी

सज्जनगढ़ पैलेस और जैविक उद्यान में आने वाले पर्यटकों से होने वाली आय से ही यहां सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पर्यटक सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए जहां पैलेस पर मॉडर्न टॉयलेट, बेबी केयर रूम, डिजिटल शो, लोक संगीत आदि सुविधाएं बढाई गई है। वहीं सज्जनगढ़ अभयारण्य में 3 करोड़ 45 लाख की लागत से लॉयन सफारी बनाई गई है। जो जल्द ही पर्यटकों के लिए नया आकर्षण होगा।

सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं रील्स और वीडियो

सज्जनगढ़ पैलेस पर पहुंचने वाले पर्यटक यहां फोटो लेने, वीडियो और रील्स बनाने का मोह नहीं छोड़ पाते। यहां की खूबसूरती के लिए यह रील और वीडियो आदि सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं। जिन्हें देखकर उदयपुर आने वाले पर्यटक सज्जनगढ़ जाना नहीं भूलते।

सज्जनगढ़ (मानसून) पैलेस में पर्यटकों की आवक पर एक नजर

वर्ष पर्यटक आय

2022-23 435458 46156630

2023-24 473270 73187850

2024-25             243745             52769615 (अक्टूबर तक)

इनका कहना ...

सज्जनगढ़ पैलेस में पर्यटकों की आवक हर साल बढ़ रही है। पैलेस से प्रकृति के खूबसूरत नजारों को देखने का अनुभव बेहद खास है। यहां हेरिटेज और नेचर दोनों का दीदार एक साथ किया जा सकता है। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जू ट्रस्ट की ओर से सुविधाओं में भी इजाफा किया जा रहा है।

- देवेंद्र कुमार तिवारी, उपवन संरक्षक (वन्यजीव), उदयपुर

Published on:
02 Dec 2024 10:57 am
Also Read
View All

अगली खबर