उदयपुर

पैँथर के दो हमले से किशोरी सहित दो की मौत, गांव में दहशत

गोगुंदा की छाली पंचायत के उंडीथल और भावड़िया में पैंथर का हमला
2 min read
• •
Updated: 19 Sep 2024, 11:29 PM IST
Feature image
पैंथर के हमले के बाद गांव में लगाया पिंजरा

गोगुंदा(उदयपुर). गाेगुंदा तहसील की छाली ग्राम पंचायत क्षेत्र के जंगल क्षेत्र में दो अलग-अलग जगह पैंथर के हमले में एक किशोरी और एक व्यक्ति की मौत हो गई। पैंथर में उंडीथल में किशोरी और भावड़िया में 50 वर्षीय व्यक्ति पर हमला किया। पुलिस ने बताया कि उंडीथल निवासी कमला (16) पुत्री अंबावा कपाया बुधवार दोपहर में जंगल में बकरियां चराने गई। जो देर रात तक नहीं लौटी तो परिजनों व ग्रामीणों ने देर रात तक तलाश की। परिजन उसे जंगल में तलाशने भी गए, लेकिन अंधेरा होने से लौट आए। गुरुवार सुबह पुन: परिजन जंगल में तलाश करने पहुंचे तो जंगल की घनी झाड़ियों के बीच किशोरी का शव मिला। जिसका एक हाथ व पैर पूरी तरह नोंचा हुआ था। शरीर के अन्य हिस्सों पर खरोच के निशान थे। मौके पर पहुंचे सरपंच गणेशलाल खैर ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। किशोरी के शव को गोगुंदा मोर्चरी में पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने और मुआवजे की मांग की। सरपंच ने बताया कि क्षेत्र में पिछले साल भी पैंथर ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया था। बता दें, किशोरी के पिता अंबावा कपाया में खेती व मजदूरी करते हैं। मृतका सबसे छोटी पुत्री थी, इससे बड़े दो पुत्र है।

इधर, दूसरी घटना में पंचायत के भेवड़ियां गांव में गुरुवार रात को गांव के ही खुमाराम (50) पुत्र हेमाराम गमेती पर पैंथर ने चरवाहों के सामने हमला कर दिया। पैंथर अधेड़ को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया और मार डाला। घटना के बाद ग्रामीण पैंथर को ढूंढने जंगल में पहुंचे। सूचना पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे। मौके पर ग्रामीण के हो हल्ले से पैंथर वहां से भाग गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

किशोरी का शव झोली में डालकर लाए

घटना स्थल सड़क से 4 किलोमीटर दूर घने जंगल में होने से ग्रामीण किशोरी के शव को पैदल ही झोली में डालकर लाए। थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, रिपोर्ट लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

Updated on:
19 Sep 2024, 11:29 PM IST
Published on: