
उदयपुर. ग्राम पंचायत सायरा में सीसी रोड निर्माण के नाम पर सरकारी राशि के गबन के 16 साल पुराने मामले में विशिष्ट न्यायालय क्रम संख्या-2 (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) ने कड़ा फैसला सुनाया है। पीठासीन अधिकारी अरूण जैन ने तत्कालीन सरपंच सविता और तत्कालीन ग्राम सेवक एवं पदेन सचिव नीमाराम मेघवाल को दोषी करार देते हुए तीन-तीन साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोनों पर अलग-अलग 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
प्रकरण वर्ष 2004-05 का है। तत्कालीन सरपंच सविता ने 25 जून 2004 को गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए एक लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की थी। आरोपियों ने सरकारी रिकॉर्ड में निर्माण कार्य पर 1 लाख 41 हजार 470 रुपए का खर्च दर्शाया, जबकि भौतिक सत्यापन में मौके पर केवल 49 हजार 759 रुपए का ही काम होना पाया गया। जांच में सामने आया कि मजदूरी और सामग्री भुगतान से जुड़े मस्टररोल व दस्तावेजों में भारी अनियमितता बरती गई। कई मस्टररोल पर मजदूरों के नाम और हस्ताक्षर संदिग्ध थे, तो कुछ भुगतान दस्तावेजों पर हस्ताक्षर ही नहीं थे। अदालत ने पंचायत को 91 हजार 711 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचना प्रमाणित माना।
17 गवाहों के बयान बने सजा का आधार
एसीबी ने मामले की जांच पूरी कर 7 जुलाई 2010 को अदालत में आरोप पत्र पेश किया था। लंबी चली सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 17 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। बचाव पक्ष की दलीलों और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत दोषी माना।
फर्जी रिकॉर्ड बनाना गंभीर अपराध: कोर्ट
अदालत ने अपने फैसले में सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकसेवक के पद पर रहते हुए सरकारी धन का दुरुपयोग करना और फर्जी रिकॉर्ड तैयार करना एक गंभीर अपराध है। इस तरह के कृत्यों से सरकारी व्यवस्था और आम जनता के विश्वास को गहरी ठेस पहुंचती है, इसलिए दोषियों को दंडित किया जाना आवश्यक है।