
उदयपुर. शहर के नाड़ाखाड़ा में 26 सौ वर्ग फीट जमीन का 1.38 करोड़ में जमीन का सौदे के मामले में फरार चल रहे है तीन आरोपियों की हाइकोर्ट ने अग्रिम जमानत खारिज कर दी। इससे पूर्व जिला एवं सत्र न्यायालय ने जमानत खारिज की थी। नाथद्वारा निवासी सुनील कुमार सोनी ने कुम्हारों का भट्टा निवासी राजकुमार पुत्र जानकीलाल जोशी, उसके भाई मन्ना लाल जोशी, सुनील जोशी, नाडाखाड़ा निवासी निरंजन पुत्र किशनलाल साहू, अम्बावगढ़ कच्ची निवासी इरशाद पुत्र सिराज अहमद व स्वराजनगर माछला मगरा निवासी नरेन्द्र पुत्र रामचन्द्र नगारची के विरुद्ध भूपालपुरा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने पूर्व में राजकुमार जोशी को उसके ससुराल राजाजी का करेड़ा भीलवाड़ा में गिरफ्तार किया। मामले में उसका भाई व अन्य अभी फरार थे। आरोपियों में से निरंजन, इरशाद व नरेन्द्र की ओर से पेश अग्रिम जमानत याचिकाओं को हाइकोर्ट ने खारिज कर दिया। इससे पूर्व सुनील जोशी की भी डीजे से अग्रिम खारिज हो चुकी है।
फिर समझौता पत्र भी किया था तैयार
पुलिस ने बताया कि आरोपित व उसके भाइयों ने नाड़ाखाड़ा में सुनील सोनी से वर्ष 2012 में 26 सौ वर्ग फीट भूखंड का 1.38 करोड़ में सौदा किया। पैसा लेने के लेने के बाद आरोपितों ने 16 सौ वर्ग फीट जमीन का ही विक्रय इकरार किया। लिखापढ़ी व पैसों की लेनदेन अलग-अलग जगह होने से अम्बामाता व हाथीपोल थाने में दो मामले दर्ज किए गए। इस मामले में राजकुमार, उसके भाई मन्नालाल, सुनील, संगीता की गिरफ्तारी हुई। जेल में रहते हुए इन आरोपितों की ओर से परिवादी के हस्ताक्षर कर न्यायालय में फर्जी समझौता पत्र की फोटो प्रति पेश कर दी, मूल प्रति उन्होंने परिवादी के पास होना बताकर न्यायालय को भी गुमराह कर दिया। समझौता पत्र के आधार पर सभी को जमानत मिल गई। परिवादी ने फर्जी समझौता पत्र होने पर भूपालपुरा थाने में अलग से मामला दर्ज करवाया। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में परिवादी व आरोपितों से मूल समझौता नहीं मिलना बताकर एफआर पेश कर दी। न्यायालय से मामला वापस खुलने पर एएसपी सुधीर जोशी ने जांच कर समझौता पत्र की एफएसएल से जांच करवाई तो फर्जीवाड़ा खुल गया।