उदयपुर

गैंगस्टर इमरान, निसार और मेवाती रिमांड पर

एक दिन पहले मुठभेड़ में पकड़ाए थे
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2021, 2:26 PM IST
गैंगस्टर इमरान, निसार और मेवाती रिमांड पर
गैंगस्टर इमरान, निसार और मेवाती रिमांड पर

उदयपुर. उदयपुर पुलिस की विशेष टीम से मुठभेड़ के बाद गिरफ्त में आए आदतन अपराधी इमरान कुंजड़ा, छोटा मेवाती और निसार केलवा थाना पुलिस के कब्जे में है। उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है।

केलवा थानाधिकारी लालसिंह शक्तावत ने बताया कि उदयपुर के हिस्ट्रीशीटर इमरान कुंजड़ा उसके गुर्गे छोटा मेवाती व निसार मोहम्मद को शनिवार को भारी पुलिस जाब्ते के साथ राजसमन्द कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें तीन दिन के रिमाण्ड पर केलवा पुलिस को सौंपा है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

आरोपियों का रिकॉर्ड
इमरान कुंजड़ा

कुंजरवाड़ी धानमंडी निवासी इमरान कुंजड़ा पुत्र मोहम्मद युसूफ कुंजड़ा 34 साल का है। उस पर 44 केस दर्ज है। इमरान पर पहला केस सन 2000 में दर्ज हुआ था, जिसमेंं उसे सजा हुई। इसके बाद एक-दो सालों को छोड़कर प्रत्येक साल 3-4 केस दर्ज होते रहे। अधिकांश मामले धानमंडी, अम्बामाता, भूपालपुरा, हाथीपोल, गोवर्धन विलास, सूरजपोल, हिरणमगरी थानों में दर्ज है, जबकि बांसवाड़ा और राजनगर थानों में भी एक-एक मामला दर्ज है। अभी तक 44 केस में से 5 में सजा हो चुकी है, 8 मामलों में यह बरी हुआ, जबकि बाकी मामले ट्राइल में है।

छोटा मेवाती
धोली मगरी गांधीनगर मल्लातलाई निवासी छोटा मेवाती उर्फ मोहम्मद सरफराज पुत्र मोहम्मद जमील महज 20 साल का है। पुलिस जांच में सामने आया कि उस पर 8 केस दर्ज है। सरफराज पर पहला केस 2013 में दर्ज हुआ था जो विद्युत चोरी से संबंधित था। इसके बाद तीन साल तक कोई केस दर्ज नहीं है। फिर वर्ष 2017, 18 व 19 में लगातार तीन साल में 6 मुकदमे दर्ज हुए। चार मुकदमे अम्बामाता थाना, एक घंटाघर, दो हिरणमगरी और एक गोवर्धन विलास थाने में दर्ज है।
यह था घटनाक्रम

राजसमंद जिले के केलवा थानान्तर्गत गोमती नदी में पुलिस जिला स्पेशल पुलिस टीम और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से गोलियां चली। आखिर हिस्ट्रीशीटर इमरान कुंजड़ा और छोटा मेवाती को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपियों को केलवा थाने के सुपुर्द कर दिया, जो आगे की कार्रवाई कर रही है।

Published on: