उदयपुर

अमरीकियों को ठग रहे थे, दो महिलाओं सहित 20 गिरफ्तार

फर्जी कॉल सेंटर पर छापा : बीस लेपटॉप और एक मोबाइल जब्त, पुलिस ने लोयरा स्थित होटल में की कार्रवाई - करोड़ों का हिसाब उजागर होने की संभावना, पांच माह से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
2 min read
Aug 05, 2021
अमरीकियों को ठग रहे थे, दो महिलाओं सहित 20 गिरफ्तार
अमरीकियों को ठग रहे थे, दो महिलाओं सहित 20 गिरफ्तार

उदयपुर. जिला पुलिस ने अम्बामाता थाना क्षेत्र के लोयरा स्थित एक होटल में छापा मार यहां चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। यहां के टेलीकॉलर अमरीकियों को कॉल करके लोन का लालच देते हुए ठगी कर रहे थे। कार्रवाई में दो युवतियों सहित 20 जनों को गिरफ्तार किया है। यहां से 20 लेपटॉप और एक मोबाइल जब्त किया गया है। कॉल सेंटर के माध्यम से अब तक सैकड़ों अमरीकी नागरिकों को ठगा जा चुका था, जिनसे करोड़ों डॉलर की कमाई की जा चुकी थी।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार ने बताया कि फर्जी कॉल सेंटर चलाकर विदेशियों से ठगी करने की सूचना मिलने पर जिला स्पेशल टीम और अम्बामाता थाना पुलिस ने लोयरा स्थित रणबंका होटल पर छापा मारा। यहां से चल रहा ठगी का बड़ा 'खेलÓ उजागर हुआ है। अम्बामाता थानाधिकारी सुनील टेलर ने बताया कि मुख्य सरगना मणिपुर एलिगंज सोसायटी बोपल अहमदाबाद (गुजरात) निवासी सुचित भाई पुत्र गिरीश भाई मेहता को गिरफ्तार किया गया। डाटा की जांच की जा रही है और जल्द ही पता चल जाएगा कि इन लोगों ने कितने लोगों से कितनी रकम की ठगी की है।
अम्बामाता थानाधिकारी सुनील टेलर, डीएसटी इंचार्ज हनवंतसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में कार्रवाई हुई। टीम में एएसआई राजेश मेहता, हेडकांस्टेबल महेंद्र कुमार, नरेश कुमार, कांस्टेबल सवाईसिंह, रघुनाथ, बजरंगसिंह, भागीरथ, ललिता, महेश कुमार, डीएसटी से एसआई अमित कुमार, धर्मवीरसिंह, सुखदेव, प्रहलाद पाटीदार, योगेश, उपेंद्रसिंह, अनिल, रविंद्र, मनमोहन, रामनिवास, विक्रमसिंह की शामिल थे।
अमरीकन टाइम से लाइफ स्टाइल

टेलीकॉलर सभी 25 से 40 साल उम्र के हैं। महंगे रहन-सहन से लेकर खानपान और मौज-मस्ती का महंगा सामान इस्तेमाल करते। दिनचर्या अमरीकन टाइम से चलती, दिन में सोते और रात को कॉलिंग करते। इन्हें 20-25 हजार सैलरी मिलती, वहीं ठगी पर 10 प्रतिशत कमिशन मिलता।

आईटी एक्सपर्ट और फर्राटेदार अंग्रेजी
सभी टेलीकॉलर आईटी के अच्छे जानकार होने के साथ ही अंग्रेजी के अच्छे जानकार हैं। जहां अंग्रेजी में बेहतर ढंग से बात करते, वहीं विदेशी नामों से अपना परिचय देते। जानकार इतने की इंटरनेशनल अकाउंट में डॉलर डलवाते और पलभर में भारतीय मुद्रा में कन्वर्ट कर देते।
खुल सकते हैं कई राज

फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाला सरगना अमदाबाद (गुजरात) से है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आशंका जताई गई है कि सरगना की ओर से देश में और भी जगह ब्रांच चलाई जा रही होगी। ये भी आशंका है कि ठगी के इस खेल में और भी कई निवेशक जुड़े हुए होंगे।

नया सेटअप भी तैयार था
सुनसान जगह की होटल में ठगी का खेल बीते पांच माह से चल रहा था। इतने समय में पुलिस को भनक तक नहीं लगी। कॉल सेंटर संचालक ने जहां एक हॉल में 25 टेलीकॉलर का सेटअप बनाकर काम किया जा रहा था, वहीं दूसरे फ्लोर पर 25 का नया सेटअप तैयार था।
रिकॉल: पहले भी पकड़े गए कॉल सेंटर

अमरीकी नागरिकों से ठगी करने वाले दो कॉल सेंटर उदयपुर में पहले भी पकड़े जा चुके हैं, जिसमें 50 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हुई थी और लाखों रुपए की ठगी का हिसाब सामने आया था। पुलिस पता लगा रही है कि इस कॉल सेंटर का पूर्व के कॉल सेंटर से संबंध है कि नहीं।

Published on:
05 Aug 2021 11:48 am