10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Udaipur News: युवा मार्बल व्यापारी के सिर पर पत्थर गिरने से मौत, 6 महीने पहले हुई थी शादी

उदयपुर में निर्माणाधीन मार्बल इकाई से गिरे पत्थर ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। सड़क से गुजर रहे 31 वर्षीय मार्बल व्यापारी यश भदादा की मौके पर ही मौत हो गई। छह महीने पहले ही यश की शादी हुई थी। मौत के बाद परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
2 min read
Google source verification
Udaipur

Udaipur: मार्बल व्यापारी यश भदादा (फाइल फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 31 वर्षीय मार्बल व्यापारी की जान चली गई। निर्माणाधीन मार्बल इकाई से करीब 50 फीट ऊंचाई से गिरे पत्थर और मलबे का एक टुकड़ा सड़क से गुजर रहे बाइक सवार व्यापारी के सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों और रिश्तेदारों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित मार्बल उद्यमी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजश्री कॉलोनी, बोहरा गणेशजी निवासी यश भदादा (31) के रूप में हुई है। वह मार्बल ट्रेडिंग का कारोबार करते थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से सुखेर क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान मनोहर मार्बल यूनिट में निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल से अचानक ईंट-पत्थर और मलबा नीचे गिरा, जिसमें एक बड़ा पत्थर सीधे यश के सिर पर आ लगा। हादसा इतना गंभीर था कि वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी अस्पताल उदयपुर की मॉर्च्युरी भिजवाया। वहां परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए सुखेर थानाधिकारी भरत योगी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यह वीडियो भी देखें :

6 महीने पहले हुई थी शादी

परिजनों ने बताया कि यश की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। परिवार में अभी खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। यश के पिता सुनील भदादा भी मार्बल व्यवसाय से जुड़े थे, लेकिन पैरालिसिस के कारण सक्रिय नहीं रह सके। इसके बाद यश ने ही पूरे कारोबार की जिम्मेदारी संभाल ली थी और परिवार का सहारा बने हुए थे।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

हादसे के बाद परिजनों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जिस स्थान पर निर्माण कार्य चल रहा था, वहां से मलबा सीधे आम रास्ते पर गिर रहा था, फिर भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। आरोप है कि घटना के बाद संबंधित मार्बल उद्यमी मौके पर भी नहीं पहुंचा।

पुलिस ने मामला दर्ज किया

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार मार्बल उद्यमी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।