
उदयपुर. गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में एक महिला ने दो युवकों के खिलाफ मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर नकदी निकालने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 14 निवासी भगवती पत्नी भैरुलाल आचार्य ने मामला दर्ज कराया। बताया कि वह और पुत्री वर्षा आचार्य 4 सितम्बर सुबह 9.30 बजे राजस्थान हॉस्पिटल के पास स्थित एटीएम से राशि निकालने गए थे। वर्षा ने 20 हजार रुपए निकाले और बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान 2 जने मिले, जिन्होंने स्टेटमेंट निकालने के लिए कहा। आरोपी मदद के बहाने फिर से एटीएम में ले गए और वहां पर स्टेटमेंट निकालने के दौरान कार्ड बदल लिया और पासवर्ड देख लिए। अगले दिन बैंक की तरफ से मैसेज आया कि खाते से निरन्तर रुपए निकल रहे हैं। मां-बेटी बैंक गईं और खाता ब्लॉक करवाया। पता चला कि आरोपियों ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1 लाख 35 हजार रुपए निकाल लिए।
उधर, गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने वॉट्सऐप पर आए जॉब संबंधी लिंक से एक लाख रुपए ठगी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि जैताणा झल्लारा हाल नेला निवासी धर्मेंन्द पुत्र मानजी पाटीदार ने मामला दर्ज कराया। बताया कि 10 सितम्बर को वॉट्सऐप पर अपना डॉट कॉम से जॉब के लिए मैसेज आया था। साथ ही लिंक भी आया, जिसे ओपन करने पर 95 हजार रुपए लिखा था। उसकी पत्नी ने 9500 रुपए समझकर 95000 रुपए का पेमेन्ट कर दिया, जो बाद में ध्यान से देखा तो 95000 का ट्रांजेक्शन हो गया। संबंधित नम्बर पर बात कर रुपए रिफंड करने के लिए कहा तो उसने रिफंड के लिए 5000 रुपए और जमा कराने को कहा। झांसे में आकर 5 हजार और भेजे, फिर भी आरोपी ने राशि रिफंड नहीं की।
नेत्र जांच मशीन देने के बहाने ऐंठे एक लाख
उदयपुर. अंबामाता थाना क्षेत्र में चिकित्सक से एक लाख की ठगी हो गई। पुलिस ने बताया कि फतहपुरा निवासी डॉ. प्रज्ञा गर्ग ने मामला दर्ज कराया। बताया कि वह एक नेत्र चिकित्सक है और हॉस्पिटल चलाती है। आंखों की जांच में कई तरह के उपकरण और मशीनों की जरूरत होती है। इसके लिए राकेश कौल नामक युवक ने सम्पर्क किया और खुद को नेत्र चिकित्सा उपकरण का सप्लायर बताया। बताया कि वह नई मशीनों के साथ पुरानी मशीनों की खरीद फरोख्त भी करता है। डॉ. प्रज्ञा को दो मशीनों की जरूरत थी, जिनकी कीमत 14 लाख 50 हजार रुपए तय हुई। आरोपी ने एक लाख रुपए एडवांस लिए और शेष राशि मशीनें आने पर देना बताया। एक लाख रुपए लेने के बाद आरोपी राकेश ने संपर्क तोड़ दिया।
गिफ्ट पार्सल के बहाने महिला से ठगे 1.24 लाख
उदयपुर.हिरणमगरी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक महिला के खाते में सेंधमारी करते हुए 1.24 लाख रुपए निकाल लिए। पुलिस ने बताया कि निजी कम्पनी में कार्यरत सेक्टर 3 निवासी पूनम घावरी ने मामला दर्ज कराया। बताया कि उसे गिफ्ट पार्सल मिलने का मेल प्राप्त हुआ। पार्सल पाने के लिए ओटीपी मांगा गया। ओटीपी की जानकारी देते ही खाते से पहले एक लाख और फिर 24 हजार रुपए निकल गए। ठगी का पता लगने पर साइबर पॉर्टल पर शिकायत करने के साथ ही हिरणमगरी थाने में केस दर्ज कराया।