उदयपुर

उदयपुर : खतरा अभी टला नहीं… पैंथर पर जमीन और आसमान से नजर, अलर्ट जारी

उदयपुर के धामधर में दो साल की मासूम नगीना की जान लेने वाला पैंथर अब तक वन विभाग की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश में 10 वनकर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है। चार पिंजरे, सात कैमरा ट्रैप और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। धामधर सहित पारोला, डेडकिया, झापा और आम्बुआ में पैंथर की हलचल से ग्रामीणों में दहशत है। कुराबड़ क्षेत्र के आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 6:18 PM IST
panther
demo pic

उदयपुर.धामधर में दो साल की मासूम नगीना की जान लेने वाला पैंथर अब तक वन विभाग की पकड़ से दूर है। हमले के बाद खतरा पूरी तरह टला नहीं है। वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने और संभावित वापसी की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। पैंथर हमला करने के बाद कई बार दो-तीन दिन के भीतर उसी क्षेत्र में दोबारा लौट सकता है। इसी आशंका के चलते वन विभाग की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं। जंगल से लेकर आबादी तक संभावित ठिकानों को खंगाला जा रहा है। चार पिंजरे और सात कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं, वहीं ड्रोन कैमरे से भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि पैंथर की लोकेशन और मूवमेंट का पता लगाया जा सके। संभावित रास्तों पर पगमार्क तलाशने के साथ कुराबड़ क्षेत्र के आसपास के गांवों को भी अलर्ट किया गया है।

बच्ची की मौत से इलाके के लोगों में दहशत

गिर्वा पंचायत समिति की खेंखरो की भागल ग्राम पंचायत के धामधर में गुरुवार शाम हुई घटना के बाद उदयपुर से 10 वनकर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। टीमें निगरानी कर रही हैं। ड्रोन से भी चौकसी की जा रही है। हालांकि अब तक उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाई है। डीके तिवारी, डीएफओ उत्तर ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। मृत बच्ची के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा है।

आबादी के बीच हमला, इससे चिंता अधिक

इस घटना ने वन विभाग की चिंता इसलिए भी बढ़ा दी है, क्योंकि पैंथर ने हमला किसी घने जंगल या वन क्षेत्र में नहीं, बल्कि आबादी के बीच किया। जांच में सामने आया कि घटनास्थल से निकटतम वन क्षेत्र की दूरी ढाई किमी है। ऐसे में वन विभाग के सामने पैंथर को पकड़ने के साथ उसकी आवाजाही का रास्ता पता लगाने की चुनौती भी है। विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि वह किस रास्ते से पहुंचा और किस दिशा में गया। विभाग की टीमें संभावित मूवमेंट वाले इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि पैंथर की दोबारा आबादी में आवाजाही होने पर समय रहते पता लगाया जा सके।

दिन में पहाड़ी पर दिखा पैंथर, शाम को झाड़ियों से गुर्राता निकला

शनिवार को दिन के उजाले में ग्रामीणों ने पैंथर को पहाड़ी के आसपास घूमते देखा। शाम होते ही झाड़ियों से उसके गुर्राने की आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई। इसके बाद गांव में फिर दहशत फैल गई। अंधेरा होते ही ग्रामीण घरों में कैद हो गए। हालात यह हैं कि लोग जरूरी काम से भी अकेले बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। बच्चों को घरों के बाहर खेलने भेजने में भी परिजन डर रहे हैं।

धामदर से पारोला-डेडकिया, झापा और आम्बुआ तक पैंथर की हलचल

पैंथर की मौजूदगी की सूचनाएं केवल धामदर तक सीमित नहीं हैं। पारोला, डेडकिया, झापा और आम्बुआ क्षेत्र में भी उसकी आवाजाही की जानकारी सामने आ रही है। डेडकिया के ग्रामीणों ने दो बार पैंथर को गांव के आसपास से झापा की तरफ जाते देखने की बात कही है। वहीं आम्बुआ में दो दिन पहले पैंथर ने एक भैंस का शिकार कर लिया। अलग-अलग गांवों में लगातार मिल रही सूचनाओं से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। पहाड़ियों, झाड़ियों और जंगल से सटी आबादी में पैंथर की आवाजाही के कारण लोग विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

Updated on:
29 Nov 2026, 6:18 PM IST
Published on: