
गोमती से उदयपुर फोरलेन पर केलवा के समीप देवपुरा गणेश घाटी पर पहाड़ो से रुक-रुक कर मलबा गिर रहा है। लगातार गिरता मलबा इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। इसको लेकर शिकायतों के बाद भी सद्भाव कम्पनी की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जबकि मलबा ढहकर फोरलेन की सड़क पर आने से भारी वाहन से लेकर चारपहिया व दुपहिया वाहन साइड से होकर निकल रहे है।
इसके चलते इस क्षेत्र में सड़क काफी संकड़ी हो गई है, जिससे भी यहां दुपहिया वाहनों के बड़े वाहनों की चपेट में आने से हादसे की आशंका ज्यादा रहती है। वहीं, रात के समय तो एकाएक सड़क पर मलबा दिखाई नहीं देने पर अब तक कई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।
इसको लेकर केलवा के भारत भूषण रजक, लेहरीलाल सालवी, दीपक पालीवाल सहित अनेक ग्रामीणों ने इस क्षेत्र में लोहे की जाली लगवाने की मांग की है, जिससे कि मलबा उसके अंदर की सीमित रहे और सड़क तक नहीं पहुंचे।