उदयपुर

उदयपुर : रसूख के दम पर चल रहा था गैस की अवैध रिफिलिंग का खेल

सविना थाना पुलिस ने टोल नाके के पास होटलों, ढाबों और किराणा दुकानों पर कार्रवाई कर अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा किया। पुलिस ने चार दुकानों से 23 घरेलू गैस सिलेंडर, 21 रिफिलिंग उपकरण और एक इलेक्ट्रिक वजन कांटा जब्त किया। कार्रवाई के दौरान तीन दुकान संचालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रसद विभाग को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 5:47 PM IST
illigal gas refeeling
दुकानों से गैस सिलेंडर जब्त करती पुलिस टीम।

उदयपुर. घरेलू गैस सिलेंडर से दुकानों पर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का खेल रसूख के दम पर चल रहा था। सविना थाना पुलिस ने टोल नाके के पास स्थित होटलों, ढाबों और किराणा दुकानों की जांच कर चार दुकानों से 23 घरेलू गैस सिलेंडर और 21 रिफिलिंग उपकरण जब्त किए हैं। कार्रवाई में तीन दुकान संचालकों को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य दुकान संचालक पुलिस को देखकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने एक दुकान से इलेक्ट्रिक वजन कांटा भी जब्त किया है।

थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर एएसपी सिटी उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में कार्रवाई हुई। टीम ने मंगलवार रात टोल नाके के पास स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान चार दुकानों पर अनियमितताएं मिलीं।

पुलिस ने आवरी माता कॉलोनी सेंट्रल एरिया निवासी जसवंत सिंह राठौड़ की आशापुराकिराणा स्टोर से चार एचपी गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक वजन कांटा और रिफिलिंग पाइप-नोजल जब्त किए। स्नेहा विहार तितरड़ी, निवासी रणजीत दमामी की विनायक जनरल स्टोर से आठ एचपी घरेलू सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए। इसी तरह खेमपुर निवासी मोहन गुर्जर की गुर्जर किराणा स्टोर पर पुलिस पहुंची तो वह दुकान छोड़कर भाग गया। वहां सात एचपी घरेलू सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण मिले। भावली थाना मावली निवासी देवीलाल गाडरी की न्यू सांवरिया शॉप से चार एचपी घरेलू सिलेंडर और रिफिलिंग पाइप व नोजल जब्त किए।

अब रसद विभाग करेगा कार्रवाई

पुलिस ने जसवंत सिंह, रणजीत और देवीलाल को गिरफ्तार किया है। अवैध गैस रिफिलिंग के संबंध में रसद विभाग को सूचना दी गई है। विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
26 Nov 2026, 5:47 PM IST
Published on: