25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Udaipur / उदयपुर : सर्दी में इनकी भी बदली फूड डाइट, हरिणों को गाजर-खीरा, भालुओं को मिल रहे उबले अंडे

उदयपुर : सर्दी में इनकी भी बदली फूड डाइट, हरिणों को गाजर-खीरा, भालुओं को मिल रहे उबले अंडे

सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में सर्दी की दस्तक के साथ वन्यजीवों की फूड डाइट बदल दी गई है। हिरणों को गाजर-खीरा, भालुओं को उबले अंडे और मांसाहारी वन्यजीवों को मीट के साथ अतिरिक्त चर्बी दी जा रही है। तापमान गिरने पर शकरकंद भी मेन्यू में शामिल होंगे। पार्क में प्रतिदिन करीब 200 किलो पाड़ा, 20 किलो चिकन, 300-350 किलो चारा और 150 किलो ट्री फॉडर की खपत होती है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Mukesh Gaur

•

Updated: 25 Nov 2026, 5:48 PM IST

sajjangrah biological park udaipur

सर्दी आते ही बदला वन्यजीवों का जायका, हिरणों को मिला गाजर-खीरा 

उदयपुर. सर्दी का मौसम इंसानों की खानपान की आदतों के साथ वन्यजीवों की खुराक भी बदल देता है। सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में भी ठंड की दस्तक के साथ वन्यजीवों के खानपान का मेन्यू बदल दिया गया है। इस बार सर्दी ने सामान्य दिनों के मुकाबले देर से दस्तक दी, इसलिए अक्टूबर से शुरू होने वाला विंटर डाइट प्लान भी आगे खिसका दिया गया। अभी 9 दिन से वन्यजीवों को मौसम के अनुसार बदली हुई खुराक दी जा रही है। इसमें हिरणों के लिए गाजर और खीरे का मिश्रण है तो भालुओं के लिए उबले अंडे शामिल किए गए हैं। वहीं मांसाहारी वन्यजीवों के भोजन में मीट के साथ चर्बी की मात्रा बढ़ा दी गई है। गर्मी के मौसम में दी जाने वाली आइसक्रीम भी अब बंद कर दी गई है। पार्क प्रबंधन के अनुसार जैसे-जैसे तापमान में और गिरावट आएगी, उनके भोजन में शकरकंद भी शामिल किया जाएगा।

रोजाना सैकड़ों किलो आहार की खपत

बायोलॉजिकल पार्क में वन्यजीवों की संख्या और उनकी प्रजातियों के अनुसार प्रतिदिन बड़ी मात्रा में भोजन की व्यवस्था करनी पड़ती है। यहां मांसाहारी वन्यजीवों के लिए रोजाना करीब 200 किलो पाड़ा और 20 किलो चिकन की खपत होती है। वहीं शाकाहारी वन्यजीवों के लिए प्रतिदिन लगभग 300 से 350 किलो चारा और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा करीब 150 किलो ट्री फॉडर यानी पेड़ों की पत्तियों और टहनियों से मिलने वाला भोजन भी मंगवाया जाता है। इसके अलावा पार्क में अलग-अलग प्रजातियों के लिए सूखा राशन और ताजा खाद्य सामग्री भी मंगवाई जाती है। इसमें दलिया, कॉफ स्टार्टर, बंदरों के लिए फल, विभिन्न सब्जियां और गाजर शामिल हैं। प्रजाति और उनकी भोजन संबंधी जरूरत के हिसाब से इनका वितरण किया जाता है।

वन्यजीवों के दीदार का खास ठिकाना

उदयपुर का सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थल है। सज्जनगढ़ पहाड़ी की तलहटी में बने इस पार्क में पर्यटक प्राकृतिक वातावरण के बीच विभिन्न वन्यजीवों को करीब से देख सकते हैं। यहां बाघ, शेर, तेंदुआ, भालू, हिरण, मगरमच्छ और विभिन्न प्रजातियों के पक्षी आकर्षण का केंद्र हैं। पार्क में वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यावरण जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। हरियाली, पहाड़ी परिवेश और जैव विविधता के कारण यह स्थान पर्यटकों, प्रकृति प्रेमियों और वन्यजीव फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए खास आकर्षण रखता है।