
Jhadol SHO Buddharam Bishnoi Dies: उदयपुर जिले के झाड़ोल थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई की बुधवार-गुरुवार की दरमियानी देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वे जोधपुर हाईकोर्ट में किसी केस की पेशी के बाद अपने निजी वाहन से उदयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जोधपुर जिले के चामू थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का बोनट और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बुद्धाराम बिश्नोई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में उनके साथ मौजूद ड्राइवर कॉन्स्टेबल घायल हो गया।
थानाधिकारी हनुमान बिश्नोई के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात के समय सामने से आ रही एक गाड़ी की तेज हेडलाइट आंखों पर पड़ने के कारण सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी। इसी दौरान थानाधिकारी की कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही चामू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और घायल कॉन्स्टेबल को अस्पताल पहुंचाया। बुद्धाराम बिश्नोई के शव को चामू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायल कॉन्स्टेबल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थानाधिकारी हनुमान बिश्नोई ने बताया कि बुद्धाराम बिश्नोई मूल रूप से जोधपुर जिले के चामू थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। करीब दो महीने पहले ही उनका ट्रांसफर बांसवाड़ा से उदयपुर जिले के झाड़ोल थाने में हुआ था। वे वर्तमान में झाड़ोल थानाधिकारी के पद पर तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, हादसे को लेकर अभी परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। थानाधिकारी की असमय मौत से साथी पुलिसकर्मियों और क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।