उदयपुर

हत्या की आशंका जताते हुए अस्पताल की मोर्चरी के बाहर विरोध-प्रदर्शन

कुएं से किशोर का शव मिलने पर क्षेत्र में फैली सनसनी
2 min read
Nov 16, 2023
हत्या की आशंका जताते हुए अस्पताल की मोर्चरी के बाहर विरोध-प्रदर्शन
हत्या की आशंका जताते हुए अस्पताल की मोर्चरी के बाहर विरोध-प्रदर्शन

उदयपुर.वल्लभनगर.वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के गुमानपुरा गांव में एक कुएं से किशोर का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों के साथ समाज के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। गांव में कुए में शव पड़ा होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। इस पर वल्लभनगर थाने के सीआई घनश्याम सिंह देवड़ा के साथ पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से निकाला। मृतक की शिनाख्त गुमानपुरा निवासी देवेंद्र (17) पुत्र गेहरी लाल भील के रूप में हुई। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने शव सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया व शव का पोस्टमार्टम करवाया। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में भील समाज के लोगों की भीड़ जमा हो गई। अस्पताल में मोर्चरी के बाहर समाजजनों एवं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा परिजनों व समाजजनों में समझाइश करते हुए मामला शांत करवाने का प्रयास किया। वहीं नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि राज कुमार गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समझाइश की लेकिन मृतक के परिजनों व समाजजनों द्वारा शाम तक शव नहीं उठाया गया। परिजनों व समाजजनों द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।

.............................

जहरीले जीव के काटने से महिला की मौत
वल्लभनगर. कीकावास ग्राम पंचायत के नेतावला गांव में खेत पर कृषि कार्य करते समय जहरीले जीव के काटने से एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद वल्लभनगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द किया। कीकावास उपसरपंच लोकेश माली ने बताया कि नेतावला निवासी अणछाई बाई (38) पत्नी सुरेश चंद्र मेघवाल अपने खेत पर ज्वार काट रही थी। इस दौरान जहरीले जीव के काटने से उसकी मौत हो गई। इस पर परिजन अणछाई बाई को सैटेलाइट अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर वल्लभनगर थाना पुलिस भी पहुंची। वहीं, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि राजकुमार गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। वल्लभनगर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द किया।

Updated on:
16 Nov 2023 01:38 am
Published on:
16 Nov 2023 01:38 am