
खेमली. (उदयपुर). समीपवर्ती ग्राम पंचायत भैंसड़ा खुर्द के राजस्व गांव लाडिया खेडा में पैंथर ने सोमवार सुबह एक युवक पर हमला कर दिया। जिसे गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया।
भैंसड़ा खुर्द सरपंच जगदीश गमेती ने बताया कि लाड़िया खेड़ा निवासी लक्ष्मण (45) पुत्र शोभा लाल गमेती सोमवार सुबह लघु शंका कर पुन: अपने घर आ रहा था। घर से 100 मीटर की दूरी पर ही अचानक पैंथर ने उस पर हमला कर दिया। इस पर लक्ष्मण ने बड़ी मुश्किल से पैंथर से अपनी जान बचाई और अन्य ग्रामीणों को आवाज लगाई। मौके पर लोगों के पहुंचने पर पैंथर मौके से भाग छूटा। पैंथर के हमले से लक्ष्मण के मुंह व पीठ पर घाव हो गए। इस पर तुरंत उसे भैंसड़ा खुर्द के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर कर दिया। इधर, सूचना पर मौके पर वन विभाग के अधिकारी पुष्पेंद्र डांगी भी पहुंचे। जहां मौका मुआयना किया गया। गांव के सरपंच ने मुआवजे की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही ग्राम पंचायत नउवा के राजस्व गांव रायजी का गुड़ा में भी पैंथर ने नाथूलाल गमेती पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, मारूवास की एक महिला पर भी पैंथर ने हमला किया। जिससे बाद गंभीर घायल महिला ने दम तोड़ दिया था। क्षेत्र में आए दिन पैंथर के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।