जिला विशेष शाखा को 13 नवंबर को चारभुजा थाना क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों में लिप्त दो संदिग्ध महिलाओं के पास संदिग्ध दस्तावेज की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त पूछताछ समिति बनाई गई। पूछताछ में इनके बांग्लादेशी नागरिक होने का खुलासा हुआ। उन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे और अनैतिक व्यापार में लिप्त थीं। जांच में सामने आया कि पिया खातून उर्फ रानीदास (31), निवासी अरपाडा मिर्जापुर चकोईनरेल सदर, खुलना डिवीजन, ढाका (बांग्लादेश) का पासपोर्ट दिसंबर 2025 में समाप्त हो चुका था। वह 2 नवंबर 2026 को असम के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। इसी प्रकार शीला खान (23), पिता शाहजुल खान, निवासी जेसोर (बांग्लादेश), 2021 में भारत आई थी और वर्तमान में कानपुर (गिर्वा, उदयपुर) में रह रही थी। भारत में रहते हुए उसने वर्ष 2021 और 2023 में दो शादियां भी कीं। सुरक्षा एजेंसियां अब इन महिलाओं से जुड़े अनैतिक व्यापार और दलालों के नेटवर्क की जांच कर रही हैं। दोनों महिलाओं को पहले नारी निकेतन उदयपुर भेजा गया था, लेकिन वर्तमान में उन्हें राजसमंद के अस्थायी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।