
उदयपुर. कभी देश के सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट्स में शुमार महाराणा प्रताप एयरपोर्ट इस बार ग्राहक संतुष्टि की राष्ट्रीय रैंकिंग में पिछड़ गया। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की जारी जनवरी-जून 2026 की एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) रैंकिंग में उदयपुर को 4.86 अंक मिले हैं, इसके साथ यह देश में 12वें स्थान पर पहुंच गया। यह पहली बार है जब उदयपुर एयरपोर्ट शीर्ष-10 की सूची से बाहर हुआ है। टॉप 10 में प्रदेश के जोधपुर और किशनगढ़ एयरपोर्ट अंतिम पायदान में शामिल हैं।
राजस्थान में भी तीसरे नंबर पर
ताजा रैंकिंग में जोधपुर एयरपोर्ट और किशनगढ़ एयरपोर्ट दोनों को 4.88 अंक मिले हैं और वे संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर हैं। जयपुर एयरपोर्ट 4.45 अंकों के साथ 28वें स्थान पर है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि लंबे समय तक उदयपुर प्रदेश का सबसे बेहतर ग्राहक अनुभव देने वाला एयरपोर्ट रहा है।
कभी था देश का नंबर-1 एयरपोर्ट
उदयपुर एयरपोर्ट का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वर्ष 2022 और 2023 में इसने देशभर के एयरपोर्ट्स में पहला स्थान हासिल किया था। वर्ष 2024 में भी यह लगातार शीर्ष एयरपोर्ट्स में शामिल रहा, जबकि 2025 में कई बार देश के टॉप-3 एयरपोर्ट्स में इसकी मजबूत मौजूदगी दर्ज की गई। साफ-सफाई, कम प्रतीक्षा समय, तेज सुरक्षा जांच, यात्रियों के अनुकूल व्यवस्था और विनम्र स्टाफ इसको श्रेष्ठ बनाते हैं।
रैंकिंग घटने के कारण
विशेषज्ञों का मानना है रैंकिंग में गिरावट के पीछे कई कारण एक साथ काम कर रहे हैं। पिछले दो वर्षों में उदयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। डेस्टिनेशन वेडिंग, पर्यटन सीजन, अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और नई उड़ानों के कारण एयरपोर्ट पर परिचालन दबाव बढ़ा है। दूसरी ओर, 887 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नए अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के निर्माण के कारण कई सुविधाओं का अस्थायी पुनर्विन्यास किया गया है। हालांकि सेवा गुणवत्ता बनाए रखने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन लगातार निगरानी और सुधार के प्रयास कर रहा है।
क्या है एएसक्यू रैंकिंग?
एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी दुनिया में एयरपोर्ट सेवा गुणवत्ता का महत्वपूर्ण मूल्यांकन है। इसकी रैंकिंग सीधे यात्रियों से लिए गए फीडबैक के आधार पर तैयार की जाती है। इसमें चैक-इन प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, साफ-सफाई, स्टाफ का व्यवहार, बैगेज डिलीवरी, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, खानपान, शौचालयों की गुणवत्ता और समग्र यात्रा अनुभव जैसे अनेक मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।
अब नए टर्मिनल बदलेगा पूरी तस्वीर
डबोक एयरपोर्ट पर बन रहा नया अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल मेवाड़ के विमानन इतिहास का सबसे बड़ा बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। करीब 60 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित हो रहे इस टर्मिनल में छह एयरोब्रिज, अधिक चेक-इन काउंटर, आधुनिक बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, विस्तृत वेटिंग लाउंज, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय स्तर की यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटन की बढ़ती उड़ान, सुविधाओं पर बढ़ा दबाव
उदयपुर देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग शहरों में शामिल है। हर वर्ष लाखों घरेलू और विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं। जनवरी से मई 2026 के दौरान ही एयरपोर्ट पर 8.61 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की जा चुकी है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक के बीच यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव देना एयरपोर्ट प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
फिर टॉप-10 में लौटने की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है नए टर्मिनल के संचालन, आधुनिक तकनीक और अतिरिक्त सुविधाओं के जुड़ने के बाद उदयपुर एयरपोर्ट एक बार फिर देश के शीर्ष एयरपोर्ट्स में अपनी जगह बना सकता है।
रैंक एयरपोर्ट स्कोर
1 खजुराहो 4.98
1 औरंगाबाद 4.98
2 भुज 4.97
2 विजयवाड़ा 4.97
3 चेन्नई 4.96
3 बागडोगरा 4.96
3 जामनगर 4.96
3 रांची 4.96
4 ग्वालियर 4.95
4 गया 4.95
5 कुल्लू-मनाली 4.94
5 अकोला 4.94
6 डिब्रूगढ़ 4.93
6 जम्मू 4.93
6 अगरतला 4.93
7 लेह 4.92
7 जबलपुर 4.92
8 देवघर 4.91
8 राजकोट 4.91
9 कोल्हापुर 4.89
9 कलबुर्गी 4.89
9 तिरुवनंतपुरम 4.89
9 प्रयागराज 4.89
9 वाराणसी 4.89
10 बरेली 4.88
10 जोधपुर 4.88
10 आगरा 4.88
10 किशनगढ़ 4.88
प्रदेश की स्थिति
राज्य एयरपोर्ट रैंक स्कोर
राजस्थान जोधपुर 10वां 4.88
राजस्थान किशनगढ़ 10वां 4.88
राजस्थान उदयपुर 12वां 4.86
राजस्थान जयपुर 28वां 4.45