
आईडाणा. पिछले दिनों टमाटर के भाव आसमान को छू गए। हालांकि अभी भावो में कमी आई, लेकिन ये बढ़े हुए दाम इन दिनों क्षेत्र के किसानों की जेब को गर्म कर रहे हैं। इससे बड़े किसानों को प्रतिदिन 12 से 15 हजार रुपये एवं छोटे किसानों को 4 से 5 हजार रुपये प्रतिदिन की आमदनी हो रही है।
सेलागुड़ा के किसान ने परंपरागत फसलों को तिलांजलि देते हुए चन्द्रभागा के किनारे खेत होने के साथ ही इन्द्रदेव की कृपा को खूब भुनाया और व्यवसायिक फसलों पर ध्यान दिया तो मालामाल होने लगे हैं। जब अनुकूल वातावरण में किसी फसल से अच्छी आमदनी होने लगे तो किसानों का रूझान बिना किसी प्रचार-प्रसार के भी उस फसल की पैदावार के प्रति स्वत: ही आकृष्ट होने लगता है। सेलागुड़ा के किसानों ने भी ऐसा ही किया, जिससे यह क्षेत्र मिर्ची एवं टमाटर की पैदावार का हब बन गया है।
आधुनिक तकनीक एवं उन्नत बीज का प्रयोग कर किसान कम क्षेत्र में सब्जी पैदाकर अच्छी आमदनी से अपने परिवार सहित गांव को भी समृद्ध बना रहे हैं। यहां पूर्व में देशी मिर्च का उत्पादन कुछ किसान ही करते थे। समय के साथ किसानों ने वैज्ञानिक तौर-तरीके अपनाते हुए खेती करना शुरू किया तो उसके फायदे भी उन्हें मिलने लगे हैं।
शुरू किया आधुनिक यंत्रों का उपयोग
हल, चड़स से परम्परागत खेती करने वाले किसानों ने समय के साथ कदमताल करते हुए खेती में अत्याधुनिक यंत्रों का उपयोग शुरू किया। सेलागुड़ा के 65 वर्षीय किसान छोगालाल कुमावत ने अपने खेत में एक-एक हजार वर्ग मीटर में दो ग्रीन हाउस बनाए हैं। जिनमें टमाटर एवं हाईब्रीड मिर्च की बुवाई की। इसमें सामान्य खेती की तुलना में दुगुनी पैदावार हुई। वहीं ऑफ सीजन की सब्जियों का उत्पादन कर बाजार में अच्छे भाव एवं मांग पर बेच रहे हैं।
READ MORE: ऐसा क्या हुआ कि उदयपुर में एक पुत्र ने कर दी अपने ही पिता की हत्या, पढ़ें पूरी वारदात का घिनौना सच
वहीं, कुछ अन्य किसानों ने सोलर उपकरणों का भी उपयोग शुरू किया है। किसान लेहरूलाल कुमावत ने बताया कि पैदावार अच्छी होने से इन दिनों सेलागुड़ा से मिर्च एवं टमाटर की सप्लाई मारवाड़ तक की जा रही है। पशुलापक किसानों द्वारा मिर्च एवं टमाटर की जैविक खेती की जाती है, जिससे बाजार में सेलागुड़ा की सब्जियों की काफी मांग रहती है। इसका मुख्य कारण इन सब्जियों का देशी होना और उनके स्वाद में फर्क होना है।
कृषि शिविर में व मौके पर जाकर दिया परामर्श
कृषि पर्यवेक्षक दिनेशचन्द्र जाट ने बताया कि सेलागुड़ा में 13 हैक्टेयर में मिर्च, 10 हैक्टेयर में टमाटर एवं 5 हैक्टेयर में गोभी की बुवाई की गई है। किसानों को कृषि शिविरों एवं समय-समय पर खेत पर जा कर कीड़ों से बचाव के बारे में बताया जाता है।