
उदयपुर. भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, साधना और मानवीय मस्तिष्क की असाधारण क्षमता का अनूठा उदाहरण रविवार को टाउनहॉल स्थित सुखाड़िया रंगमंच पर देखने को मिला। यहां आयोजित पंच शतावधान प्रयोग में एक साथ 500 प्रश्नों, नामों, शब्दों और विभिन्न प्रसंगों को स्मरण रखकर निर्धारित क्रम में उनके सटीक उत्तर दिए गए। इस विलक्षण स्मरण शक्ति और एकाग्रता को देखकर सभागार में मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक जिनालय समिति, सेक्टर-4 के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महाशतावधानी मुनि दिव्य प्रसन्न कीर्तिसागर ने अपनी असाधारण स्मरण क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर विधायक ताराचंद जैन, विशिष्ट अतिथि महापौर पारस सिंघवी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ तथा समाजसेवी राज लोढ़ा रहे।
समिति अध्यक्ष सुशील बांठिया ने बताया कि सुबह 8.15 बजे शुरू हुए इस आयोजन में करीब एक हजार लोगों से अलग-अलग विषयों पर 500 नाम, शब्द और प्रश्न आमंत्रित किए गए। इनमें जैन तीर्थ, श्रावकों के नाम, स्लोगन, फल-सब्जियां, वर्तमान राजनेता, त्योहार, शहर, खेल, सूत्र, पशु-पक्षी, वस्तुएं, उपकरण, संगीत वाद्ययंत्र, परीक्षाएं, नदियां, दर्शनीय स्थल, भगवान के माता-पिता के नाम, प्रसिद्ध क्रिकेटर, देवियां, देश-राजधानियां, पर्वत, स्वतंत्रता सेनानी, मुद्राएं, पार्श्वनाथ भगवान के नाम, अष्टमंगल, तप, अठारह पापस्थानक, विलोम शब्द, स्थापत्य, वृक्ष, भाषाएं, मिठाइयां और आभूषण सहित अनेक विषय शामिल रहे।
मुनिराज ने सभी 500 जानकारियों को स्मरण रखते हुए निर्धारित क्रम में उनके सटीक उत्तर प्रस्तुत किए। प्रयोग के दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने किसी भी प्रश्न की क्रम संख्या पूछी तो उन्होंने तत्काल उस क्रम पर दिए गए नाम अथवा वाक्य को बताकर अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति का परिचय दिया।
मंत्री अशोक नागौरी ने बताया कि यह प्रयोग महज स्मरण शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वर्षों की साधना, एकाग्रता, ध्यान, मानसिक अनुशासन और आत्मसंयम का परिणाम है।
साधना और प्रतिभा की हुई सराहना
आयोजन को सफल बनाने में समिति के उपाध्यक्ष उत्सवलाल जगावत, कोषाध्यक्ष ईश्वरलाल मेहता, उपमंत्री चंद्रसिंह मेहता, अनिल भंडारी, सीए सुधीर मेहता, प्रमोद जैन, भव्येश गांधी, अतुल जैन, पंचम जैन, दिनेश पटवा, दिनेश कोठारी सहित कार्यकारिणी सदस्यों का योगदान रहा। संचालन आलोक पगारिया ने किया।