
उदयपुर. तीन साल तक पढ़ाई, प्रशिक्षण और अस्पतालों में मरीजों की सेवा करने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टर बनने की तैयारी कर रहे रेजिडेंट्स को पीजी परीक्षा परिणाम ने बड़ा झटका दिया है। एमडी-एमएस बैच 2023 के एनाटॉमी विभाग में 57 में से 36 रेजिडेंट डॉक्टर अनुत्तीर्ण हो गए। यानी करीब 63 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा पास नहीं कर पाए। प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेजों में एक भी अभ्यर्थी सफल नहीं हुआ। इस परिणाम ने परीक्षा मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में पांचों अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण रहे। आरयूएचएस में दोनों अभ्यर्थी परीक्षा पास नहीं कर सके। जेएलएन मेडिकल कॉलेज में 9 में से 6, एसएमएस मेडिकल कॉलेज में 14 में से 9, कोटा में 8 में से 3, पाली में 4 में से 2 और बीकानेर में 5 में से 3 रेजिडेंट फेल हुए। आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर में भी 8 में से 3 अभ्यर्थी परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाए।/
इतनी बड़ी संख्या में रेजिडेंट्स के अनुत्तीर्ण होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उदयपुर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है थ्योरी की कॉपियां जांच के लिए दूसरे केंद्रों पर भेजी जाती हैं, जबकि प्रैक्टिकल परीक्षा संबंधित मेडिकल कॉलेज में होती है। ऐसे में मूल्यांकन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। रेजिडेंट्स के तीन साल के प्रशिक्षण, अकादमिक प्रदर्शन और प्रायोगिक दक्षता को भी उचित महत्व मिलना चाहिए।
हर साल उठते कॉपी जांच पर सवाल
एसोसिएशन की ओर से पहले भी प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की जा चुकी है। इसमें कॉपियों की दोबारा जांच, पुनर्मूल्यांकन और थ्योरी व प्रैक्टिकल के समन्वित मूल्यांकन की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई थी। एसोसिएशन ने कम अंकों से अनुत्तीर्ण हुए रेजिडेंट्स की उत्तर पुस्तिकाओं का दोबारा सत्यापन करवाने की मांग भी की है।
हर साल परिणाम के बाद विरोध स्थायी समाधान नहीं है। मूल्यांकन व्यवस्था में सुधार, कॉपियों की पारदर्शी जांच, पुनर्मूल्यांकन और तीन साल के प्रशिक्षण को उचित महत्व मिलना चाहिए, ताकि हर रेजिडेंट को निष्पक्ष मूल्यांकन और न्यायपूर्ण अवसर मिल सके।
डॉ. विकास बामनिया ,अध्यक्ष, उदयपुर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन