
प्रमोद सोनी/उदयपुर . राजस्थानी लोकगीतों पर एक साथ थिरकते कदमों का नजारा अपने आप में अनूठा होगा। कुछ ऐसा ही अनूठा कार्यक्रम शहर की रोशनी संस्थान की ओर से 6 जनवरी को किया जाएगा। इसमें दो हजार से अधिक महिलाएं और युवतियां घूमर नृत्य करेंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य पैसा कमाना नहीं, बल्कि अनाथ बच्चों की मदद करना है। संस्थान की ओर से बेदला स्थित धाकड़ गार्डन में घूमर नृत्य का आयोजन किया जाएगा। हरजीत सारंगदेवोत ने बताया कि कार्यक्रम मुख्य उद्देश्य महिलाओं व युवतियों को संस्कृति से जोडऩा व महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके अलावा इस कार्यक्रम में अन्य आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा जिसमें तलवारबाजी, साफा बांधना, बेस्ट मां बेटी, ग्रुप ड्रांस,बेस्ट ड्रेस आदि शामिल होंगी। विजेता महिलाओं व युवतियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा लेकिन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।
कार्यक्रम में जो आय होगी वह राशि अनाथ बच्चों के लिए आश्रम को भेंट की जाएगी। प्रतिभागियों को राजपूति ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा। सभी प्रतियोगियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन अनाथ आश्रम की बच्चियां करेंगी। इस अवसर पर महिलाओं के लिए खाने-पीने, परिधान, गहनों एवं घरेलू वस्तुओं की स्टॉल आदि लगाई जाएगी। रजिस्टे्रशन के लिए इन नम्बर 7976239206, 6375602963, 9119163492 पर सम्पर्क कर सकते हैं।