उदयपुर

Udaipur Road Accident: कार की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती और 8 साल के बेटे की मौत, बड़ा बेटा गंभीर घायल

उदयपुर के बेकरिया थाना क्षेत्र में गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में राजसमंद निवासी नवनीत मीणा (36), पत्नी संगीता (33) और 8 वर्षीय बेटे तुषार की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बेटा निखिल गंभीर घायल है।
2 min read
Jul 31, 2026
udaipur road accident
स्कूटी सवार दंपती और 8 साल के बेटे की मौत (पत्रिका फोटो)

Udaipur Road Accident: उदयपुर जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बेकरिया थाना क्षेत्र के आकियावड़ के पास एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों पति, पत्नी और छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागे कार सवार

पुलिस के अनुसार, राजसमंद जिले के निवासी नवनीत मीणा (36), अपनी पत्नी संगीता (33) और दो बेटों तुषार (8) व निखिल (14) के साथ स्कूटी से पिंडवाड़ा की ओर जा रहे थे। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे आकियावड़ के पास कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद कार में सवार लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 8 साल के मासूम तुषार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नवनीत, संगीता और बड़े बेटे निखिल को उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह नवनीत और उनकी पत्नी संगीता ने भी दम तोड़ दिया। 14 वर्षीय निखिल की हालत अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है।

कार्रवाई में जुटी पुलिस

बेकरिया थाने के एएसआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। अज्ञात कार चालक और उसमें सवार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। इस दुखद घटना के बाद मृतक परिवार के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Updated on:
31 Jul 2026 11:02 am
Published on:
31 Jul 2026 10:55 am