
उदयपुर. अजमेर विद्युत वितरण निगम के उदयपुर सर्कल में स्मार्ट मीटर की आपूर्ति बाधित होने से बिजली उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निगम ने बिना स्मार्ट मीटर के नया बिजली कनेक्शन जारी नहीं करने की व्यवस्था लागू कर रखी है, लेकिन आपूर्ति में मीटर की कमी के कारण नए कनेक्शन देने की गति धीमी पड़ गई है। इसका सीधा असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, जिनको रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाना है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग सोलर पैनल लगवा रहे हैं। नियमों के मुताबिक सोलर सिस्टम लगने के बाद निगम की ओर से बाई-डायरेक्शनल स्मार्ट (नेट) मीटर लगाया जाना अनिवार्य है, जिसके बाद ही सिस्टम ग्रिड से जुड़ता है और उपभोक्ता के खाते में सब्सिडी जारी होती है। स्मार्ट मीटर उपलब्ध नहीं होने से सैकड़ों सोलर उपभोक्ताओं के प्लांट बंद पड़े हैं। एक तरफ उन्हें महंगे बिजली बिल चुकाने पड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बैंक से लोन लेकर सोलर लगवाने वालों की ईएमआइ शुरू हो चुकी है और सब्सिडी अटकी हुई है।
आदेश के उलट स्थिति
बिजली निगम की ओर से हाल ही आदेश जारी किया गया था कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं, उन्हें बिल की हार्ड कॉपी के बजाय ऑनलाइन बिल ही मिलेगा। वे ऐप के जरिये ही बिजली खपत देख सकेंगे। इसके विपरीत 8 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के घर मीटर तो लग गए, लेकिन रीडिंग मिलना शुरू नहीं हुई।
निगम इंजीनियर भी आहत
अजमेर डिस्कॉम एरिया में स्मार्ट मीटर लगाने वाली फर्म की ओर से मीटर आपूर्ति की प्रक्रिया में देरी हो रही है। ऐसे में टारगेट के अनुसार परिणाम नहीं मिल पा रहे हैं। एक और निगम इंजीनियर्स पर अधिकाधिक मीटर लगवाकर प्रक्रिया पूरी करने का दबाव है, वहीं आपूर्ति कमजोर होने से इंजीनियर भी परेशान हैं।
कई मीटर नहीं दे पा रहे रीडिंग
- 219360 मीटर कुल लगे
- 211054 मीटर से रीडिंग शुरू
- 8306 मीटर से रीडिंग बाकी
उपभोक्ताओं पर सीधा असर
- नए कनेक्शन: बिना स्मार्ट मीटर के कनेक्शन जारी नहीं होने से आवेदकों को परेशानी हो रही है।
- सोलर सब्सिडी व बिलिंग: नेट मीटर नहीं लगने से सोलर प्लांट चालू नहीं हो पा रहे, जिससे सब्सिडी रुकी है।
- ऑनलाइन रीडिंग में बाधा: कई मीटर डेटा नहीं मिलने के कारण औसत बिलिंग की आशंका बढ़ गई है।
- पेंडेंसी का स्तर: मीटर लगने के बाद लेवल एक और दो स्तर पर वेरिफिकेशन में देरी से प्रक्रिया प्रभावित।