उदयपुर

Udaipur Tourism: फतहसागर झील में फर्म डेढ़ माह में भी नहीं उतार सकी इको फ्रेंडली बोट, पर्यटक मायूस; UDA ने दिखाई सख्ती

Udaipur Tourism: फतहसागर झील में मुंबइयां बाजार के सामने वाले पाॅइंट पिछले छह माह से बंद पड़ा है। इस पाॅइंट के बंद होने के बाद से यहां पर्यटक मायूस लौट रहे हैं।

2 min read
Jun 19, 2025
Photo- Patrika

Udaipur Tourism: फतहसागर झील में मुंबइयां बाजार के सामने वाले पॉइंट पर इको फ्रेंडली नाव संचालन का 8.61 करोड़ का सालाना ठेका लेने वाली फर्म निर्धारित समयावधि में भी न तो झील में बोट उतार सकी और न ही यूडीए में पैसा जमा करवाया।

बार-बार नोटिस देने के बावजूद पैसा जमा नहीं होने पर यूडीए ने कड़ा कदम उठाते हुए फर्म को 12 माह के लिए डिबार करते हुए उसकी जमा प्रतिभूति राशि के 86 लाख जब्त कर लिए। इधर, इस पॉइंट पर पूर्व में बोट संचालन करने वाली फर्म की अभी तक 3.50 करोड़ की बाकीयात चल रही है।

फतहसागर के मुंबइया बाजार वाले इस पॉइंट का ठेका समाप्त होने पर यूडीए ने सोलर/ बैट्री के नाव संचालन के नए ठेके के लिए निविदा मांगी थी। इसमें पांच अलग-अलग फर्म ने भाग लिया था। सर्वाधिक राशि 8.61 करोड़ सालाना में यह ठेका उज्जैन ड्रिमस ने लिया। इस फर्म ने यूडीए में 86 लाख की बैंक गारंटी जमा करवाई।

संबंधित फर्म में 9 मई तक बकाया राशि जमा करवाकर उसे नाव का संचालन करना था लेकिन फर्म ने यह राशि जमा नहीं करवाई। बार-बार नोटिस देने के बावजूद फर्म ने कोई ध्यान नहीं दिया। यूडीए आयुक्त राहुल जैन के निर्देश पर सचिव हेमंत नागर ने संबंधित फर्म की जमा राशि जब्त कर उसे डिबार कर दिया।

पर्यटक हो रहे परेशान

मुंबइयां बाजार वाला पाॅइंट पिछले छह माह से बंद पड़ा है। इस पाॅइंट के बंद होने के बाद से यहां पर्यटक मायूस लौट रहे हैं। मोतीमगरी के सामने एक ही पाॅइंट पर नाव संचालन होने से वहां भारी दबाव है। हाल ही में नेहरू गार्डन के निकट गत दिनों एक नाव दुर्घटना भी होते-होते बची थी। यूडीए अधिकारियों ने इस दबाव को कम करने के लिए ठेका लेने वाली संबंधित फर्म को कई बार नोटिस दिए, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।

पुरानी फर्म की अभी चल रही बाकीयात

नाव संचालन का भले ही नया ठेका हो चुका है, लेकिन अभी भी पुरानी फर्म की 3.50 करोड़ की बाकीयात चल रही है। यूडीए ने इस संबंध फर्म को नोटिस भी दे रखा है। फर्म संचालक ने बाकीयात पर आपत्ति जताते हुए अब तक पैसा जमा नहीं करवाया। उसका कहना है कि यूडीए ने शर्तों की पालना नहीं की।

इधर, अभी भी सवाल यह उठ रहा है कि ठेके की समाप्ति होने से बाकीयात की वसूली कैसे हो पाएगी? गौरतलब है कि यूडीए ने फतहसागर झील में मुंबइयां बाजार के सामने श्री रामदेव जनरल मोटर्स को तीन साल के लिए नाव संचालन का ठेका दिया था। ठेका 31 दिसम्बर 2024 को समाप्त हो गया।

Published on:
19 Jun 2025 03:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर