उदयपुर

चौंकिए मत … 70 लीटर पानी के रोजाना इस्तेमाल से एक साल में भर सकती उदयपुर की पिछोला झील

उदयपुर में बढ़ते जल संकट के बीच युवाओं ने पानी बचाने का अनूठा फॉर्मूला पेश किया है। इसके अनुसार, प्रत्येक व्यक्ति रोजाना 135 लीटर के बजाय 70 लीटर पानी इस्तेमाल कर 65 लीटर बचा सकता है। शहर की 6.5 लाख आबादी ऐसा करे तो एक साल में पिछोला झील की क्षमता से 1.2 गुना पानी बचाया जा सकता है। थर्ड स्पेस में आयोजित कार्यक्रम में गेम के जरिये लोगों को पानी की बर्बादी रोकने और दैनिक आदतें बदलने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 6:20 PM IST
save water
पानी व्यर्थ करने की आदतों को ढूंढते लोग

उदयपुर. लेकसिटी इस समय गंभीर जल संकट से जूझ रही है। समस्या हर घर तक पहुंच चुकी है। शहर में तीन दिन के अंतराल पर जलापूर्ति हो रही है। ऐसे हालात के बीच कुछ युवाओं ने बूंद-बूंद बचाने के लिए लोगों को जागरूकर करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने एक ऐसा फॉर्मूला पेश किया जिसके जरिये शहरवासी एक साल में पूरी पिछोला झील जितना पानी बचा सकते हैं। उनका दावा है कि इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में थोड़ा नियंत्रण रखकर इस बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

क्या कहता पानी का गणित?

भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय के मानकों के अनुसार, सामान्य दिनों में शहरी क्षेत्र के एक व्यक्ति को प्रतिदिन 135 लीटर पानी की आवश्यकता होती है। वर्तमान में उदयपुर में प्रति व्यक्ति लगभग 125 से 135 लीटर पानी मिल रहा है। हालांकि, जल संकट के इस दौर में यदि लोग मितव्ययता से काम लें, तो मात्र 70 लीटर पानी में भी रोजमर्रा के सभी जरूरी काम आसानी से चलाए जा सकते हैं। इस प्रकार, यदि हर व्यक्ति प्रतिदिन 65 लीटर पानी बचाता है, तो यह बचत एक महीने में करीब 2,000 लीटर (दो बड़ी टंकियों) और पूरे एक साल में लगभग 4 बड़े पानी के टैंकर के बराबर होती है। यदि उदयपुर शहर की आबादी करीब 6.5 लाख मान ली जाए और सभी इस फॉर्मूले को अपना लें, तो वर्षभर में इतना पानी बचाया जा सकता है कि पूरी पिछोला झील 1.2 गुना तक भरी जा सकती है।

थर्ड स्पेस में प्रैक्टिकल गेम के जरिये जागरूकता

'सार संवाद' के अविचल दुबे ने बताया कि 'थर्ड स्पेस' में 'मास्ट' के तहत आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान इस फॉर्मूले को प्रतिभागियों के सामने व्यावहारिक रूप से साबित किया जा रहा है। इसके लिए एक विशेष गेम तैयार किया है, जिसमें प्रतिभागियों को 5-लीटर क्षमता वाले डमी बॉक्स दिए जाते हैं। सामने रोजमर्रा की पानी की जरूरतों का चार्ट होता है, जिसके आधार पर लोग अपनी जरूरत के अनुसार बॉक्स रखते हैं-जैसे नहाने के लिए 15 से 20 लीटर पानी। पीने, पकाने, नहाने और टॉयलेट फ्लश जैसी मुख्य जरूरतें इसमें शामिल हैं। इस गतिविधि के दौरान सबसे दिलचस्प तथ्य यह सामने आया कि 80% से अधिक प्रतिभागी 70 लीटर के आंकड़े को पार नहीं कर पाए। अधिकांश लोगों का मानना था कि 60-70 लीटर के बाद उपयोग होने वाला पानी अमूमन व्यर्थ ही जाता है।

पानी की बर्बादी की आदतें

गेम के बाद प्रतिभागियों ने चार्ट में खुद उन आदतों की पहचान की, जिनके कारण अनजाने में पानी का दुरुपयोग कर रहे थे।

शॉवर से नहाना

पाइप से गाड़ियां धोना

मेहमानों के लिए बार-बार पानी बदलना

आरओ से निकलने वाला वेस्ट वाटर

फ्लश का अनावश्यक उपयोग

नल खुला छोड़कर ब्रश करना या हाथ धोना

घर की धुलाई में पाइप का उपयोग

बर्तन धोते समय नल चालू रखना

पानी की टंकियों का ओवरफ्लो होना

शहर और गांवों की जीवनशैली में अंतर

आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति व्यक्ति पानी की खपत आज भी 60 से 70 लीटर के आसपास ही है। वहां शॉवर संस्कृति का अभाव है और सीमित उपलब्धता के कारण लोग पानी का मोल समझते हैं। गांवों में उपयोग किया गया पानी सीवरेज में जाने के बजाय भूजल या खेतों को समृद्ध करता है। इसके उलट शहर में कम बारिश के कारण अलसीगढ़, मानसी वाकल और बड़ी तालाब जैसे प्रमुख जलस्रोतों पर भारी दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण पिछोला और फतहसागर जैसी झीलें खाली होने लगी हैं।

Updated on:
16 Nov 2026, 6:20 PM IST
Published on: