
पूछताछ मेें उसने परिवार से खफा होकर सबक सिखाने व बिजनस करने के लिए फिरौती मांगना स्वीकार किया। इस पूरे घटनाक्रम में किशोर ने मुंह पर रूमाल रखकर मोबाइल में प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर इंटरनेशनल कॉल करते हुए पुलिस व परिवार को खूब दौड़ाया। नासमझ इस किशोर की पुलिस अब काउंसलिंग करवाएगी। इधर, इस घटनाक्रम से परिवार में सकते में होकर पूरी तरह से शर्मसार है।
एएसपी ब्रजेश सोनी ने बताया कि मिर्जापुर (उत्तरप्रदेश) हाल सेक्टर-14 गोवर्धनविलास निवासी राजेश कुमार पुत्र गुलाबचंद पांडे ने 20 मई को थाने में 17 वर्षीय पुत्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। दूधतलाई रोप-वे पर मैनेजर पद पर कार्यरत पांडे ने बताया कि 19 मई की दोपहर 3 बजे पुत्र घर से दूधतलाई के लिए निकला था लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा।
उसका फोन भी स्वीच ऑफ मिला। पुलिस ने जांच की तो किशोर के रेलवे स्टेशन पर अकेले घूमने व उसकी लोकेशन दिल्ली के सराय रोहिल्ला मिली। पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद ली तब तक किशोर उदयपुर आने वाली टे्रन में वापस रवाना हो गया, पुलिस ने पीछा कर उसे नसीराबाद में डिटेन किया।
यह था मामला
उदयपुर गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र से शनिवार को लापता हुए किशोर ने पिता को फोन कर अपहरण की सूचना देकर सनसनी फैला दी थी। बच्चे की ही आवाज में अपहर्ता ने पहले 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी और अगले ही पल वह 3 लाख रुपए पर रजामंद हो गया। मामला दर्ज होने पर पुलिस ने किशोर की लोकेशन निकाली तो वह दिल्ली के सराय रोहिल्ला में मिली। किशोर के ट्रेन से वहां पहुंचने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो किशोर वहां पर अकेला घूमता मिला।