उदयपुर

कौन हैं हिम्मत सिंह झाला? विधानसभा का टिकट कटा.. फिर भी नहीं माने हार, बने उदयपुर जिला प्रमुख

Himmat Singh Jhala: करीब 30 हजार महिलाओं को बाबा महाकाल के दर्शन करवाने से चर्चा में आए हिम्मत सिंह झाला अब उदयपुर जिला प्रमुख बन गए हैं। आखिर कौन हैं हिम्मत सिंह झाला और कैसे तय किया विधानसभा की दावेदारी से जिला प्रमुख की कुर्सी तक का सफर? पढ़िए उनकी पूरी राजनीतिक कहानी।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 4:43 PM IST
Himmat Singh Jhala
Himmat Singh Jhala: उदयपुर के नवनिर्वाचित जिला प्रमुख हिम्मत सिंह झाला (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। राजनीतिक सफर में हार, टिकट कटने और इंतजार के कई मोड़ आए, लेकिन हिम्मत सिंह झाला ने अपनी राजनीतिक सक्रियता कम नहीं होने दी। कभी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। फिर 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट के प्रबल दावेदार होने के बावजूद पार्टी ने उन्हें मौका नहीं दिया। इस बीच उन्होंने वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र की करीब 30 हजार मातृशक्ति को उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करवाकर अपनी अलग पहचान बनाई।

अब पंचायत चुनाव में जनता ने उन्हें ऐसा जनसमर्थन दिया कि जिला परिषद के वार्ड संख्या 37 से 8030 मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की और बुधवार को उदयपुर जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंच गए। खास बात यह है कि हिम्मत सिंह झाला वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र से जिला प्रमुख बनने वाले पहले नेता हैं। उनकी इस राजनीतिक उपलब्धि को क्षेत्र की राजनीति में नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

उपचुनाव में चौथे स्थान पर रहे

हिम्मत सिंह झाला का विधानसभा की राजनीति में बड़ा प्रवेश वर्ष 2021 के वल्लभनगर उपचुनाव से हुआ। तत्कालीन कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर भाजपा ने झाला को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे। कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने जीत दर्ज की। आरएलपी के उदयलाल डांगी दूसरे और जनता सेना के रणधीर सिंह भिंडर तीसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा के हिम्मत सिंह झाला चौथे स्थान पर रहे। उन्हें 21 हजार से अधिक मत मिले थे। इस हार के बाद भी झाला ने वल्लभनगर क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क जारी रखा।

महाकालेश्वर दर्शन से मिली अलग पहचान

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले हिम्मत सिंह झाला ने ऐसा अभियान शुरू किया, जिसने उन्हें वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई। उन्होंने क्षेत्र की मातृशक्ति को उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर मंदिर के निःशुल्क दर्शन करवाने की पहल की। इस यात्रा में महिलाओं के आने-जाने, भोजन और ठहरने की व्यवस्थाएं निःशुल्क रखी गईं। इस पहल के तहत करीब 30 हजार महिलाओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। धार्मिक आस्था से जुड़ी इस यात्रा के चलते झाला लगातार चर्चा में रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने उनकी क्षेत्रीय पहचान को और मजबूत किया। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह अभियान उनकी राजनीतिक सक्रियता का प्रमुख हिस्सा बन गया था।

दावेदारी मजबूत, फिर भी भाजपा ने काट दिया टिकट

महाकाल यात्रा और क्षेत्र में लगातार सक्रियता के चलते वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में हिम्मत सिंह झाला को वल्लभनगर सीट से भाजपा का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि पार्टी इस बार उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने का अवसर देगी, लेकिन टिकट वितरण के समय भाजपा ने उन्हें मौका नहीं दिया। पार्टी ने उदयलाल डांगी को प्रत्याशी घोषित कर दिया। टिकट कटने से उनके समर्थकों में निराशा रही, लेकिन झाला ने संगठन से दूरी बनाने के बजाय क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी। विधानसभा पहुंचने का उनका सपना भले ही उस चुनाव में पूरा नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने राजनीतिक जमीन पर अपनी पकड़ बनाए रखने का प्रयास जारी रखा।

8030 मतों की रिकॉर्ड जीत ने जिला प्रमुख की राह खोली

विधानसभा की राजनीति में दो बार निराशा झेलने के बाद वर्ष 2026 के पंचायतीराज चुनाव में भाजपा ने हिम्मत सिंह झाला को जिला परिषद के वार्ड संख्या 37 से प्रत्याशी बनाया। इस बार उन्होंने चुनाव में दमदार प्रदर्शन किया। झाला को कुल 12580 मत मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 8030 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। यह जीत उनके राजनीतिक सफर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गई। उदयपुर जिला परिषद की कुल 47 सीटों में भाजपा ने 24 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस को 22 और भारत आदिवासी पार्टी को एक सीट मिली। बहुमत के बाद जिला प्रमुख पद को लेकर भाजपा में कई नामों की चर्चा रही। पार्टी के भीतर दावेदारों के बीच राजनीतिक समीकरण और जोड़तोड़ का दौर भी चला। आखिरकार हिम्मत सिंह झाला ने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया और बुधवार को 27 मत हासिल कर जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए।

वल्लभनगर को मिली जिला प्रमुख के रूप में नई पहचान

हिम्मत सिंह झाला का जिला प्रमुख बनना केवल उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी ऐतिहासिक घटनाक्रम है। इस क्षेत्र से पहली बार कोई नेता उदयपुर जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचा है। अब जिला प्रमुख के रूप में उनके सामने पूरे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, पंचायतों की समस्याओं और जिला परिषद के कामकाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। राजनीतिक तौर पर भी उनकी इस उपलब्धि ने वल्लभनगर क्षेत्र में उनका कद बढ़ाया है।

यह वीडियो भी देखें :