उदयपुर

World Menopause Day : मेनोपॉज में 60 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं रहती हैं तनावग्रस्त, पारिवारिक संबंध होते हैं प्रभावित

एमपीयूएटी में हुआ उदयपुर शहर की महिलाओं पर शोध, मेनोपॉज व पारिवारिक संबंध एक-दूसर के पूरक
2 min read
Oct 18, 2017
world menopause day

उदयपुर . अगर घर में पारिवारिक संबंध प्रभावित हो रहे हैं, मामूली सी बात पर भी महिलाओं से बहस हो जाती हैं। और उनकी उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच है तो उसके पीछे पारिवारिक समस्या से भी बड़ा कारण कुछ और भी हो सकता है। मेनोपॉज यानी रजोनिवृति भी इसकी वजह हो सकती है। रजोनिवृति की अवस्था में महिलाएं पहले के मुकाबले ज्यादा तनावग्रस्त महसूस करती है, परेशान रहती हैं। जिसके चलते उनमें चिड़चिड़ापन आ जाता है। इससे मामूली सी बात भी झगड़े का रूप ले लेती है। इसको लेकर महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग में उदयपुर की महिलाओं पर शोध हुआ है। यह शोध कृष्णप्रिया साहू ने डॉ. गायत्री तिवारी के निर्देशन में ‘रजोनिवृति के दौरान तनाव के प्रबंधन पर अध्ययन’ विषय पर किया है।

तीन सौ महिलाओं पर शोध
शोध में शहर में 40 से 50 साल उम्र की तीन सौ महिलाओं पर अध्ययन किया गया। इसमें 150 कामकाजी व 150 गैर कामकाजी महिलाएं शामिल थी। इन महिलाओं से विभिन्न सवालों से जुड़े प्राथमिक तौर पर पहले 500 सेम्पल लिए गए। इनमें से 357 को सलेक्ट किया गया। इसमें 182 कामकाजी व 175 गैर कामकाजी महिलाओं पर आधारित थे। इसमें पहले पार्ट में व्यक्तिगत जानकारी, दूसरे में पारिवरिक पृष्ठ भूमि, तीसरे में मासिक धर्म व चौथे में बीमारी आधारित सवाल शामिल थे। इसके बाद इस पर इन्टरवेन्शन पैकेज तैयार किया गया है।

यह रहा शोध का निष्कर्ष

- शोध में तनाव व समस्या को विषय बनाया गया। इसमें दोनों को मिलाकर 51.67 प्रतिशत महिलाओं ने मध्यम समस्या, 38.33 ने कम व 10 प्रतिशत ने रजोनिवृति को गंभीर समस्या बताया।
- तनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं रजोनिवृति में तनाव महसूस करती है। इसमें 63.33 प्रतिशत कामकाजी व 56.67 प्रतिशत गैर कामकाजी महिलाएं शामिल हैं।
- 19.67 प्रतिशत महिलाओं ने बहुत कम तनाव, 11.67 ने ज्यादा तनाव महसूस किया व 8.67 ने खुले तौर पर बताने में हिचक महसूस नहीं की।
- समस्याओं में 83.33 कामकाजी महिलाओं ने रजोनिवृति को मध्यम समस्या माना।
- 13.33 ने गंभीर व 3.3 प्रतिशत कम समस्या में गिना।
- गैर कामकाजी में 73.33 ने कम समस्या, 20 प्रतिशत ने मध्यम समस्या व 6.67 ने गंभीर समस्या माना।


यह था शोध का उद्देश्य
- महिलाओं के बीच रजोनिवृति समस्याओं और तनाव का आकलन करना।
- तैयारी और प्रबंधन रणनीति का अध्ययन करना।
- प्रबंधन रणनीतियों पर हस्तक्षेप पैकेज तैयार करना।
- पैकेज की प्रभावकारिता का आकलन करना।

Published on:
18 Oct 2017 04:39 pm