उदयपुर

मौत के बाद कपड़े में लाश लपेटकर भटकते रहे परिजन, पढ़ें यह दर्दनाक कहानी

करंट लगने से हो गई थी युवक की मौत
less than 1 minute read
May 08, 2019
Youth dies due to electrocution in udaipur
मौत के बाद कपड़े में लाश लपेटकर भटकते रहे परिजन, पढ़ें यह दर्दनाक कहानी

फलासिया . पानरवा थाने के अम्बासा गांव में बिजली लाइन दुरुस्त करते ठेकाकर्मी युवक को करंट लग गया। इससे युवक की मौत हो गई। अम्बासा गांव गुजरात सीमा पर होने से परिजन मृतक को तुरन्त नजदीकी अस्पताल गुजरात के खेड़ब्रह्मा ले गए। मौत के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए शव लेकर डोलते रहे। आखिर मंगलवार शाम तक भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया।

अम्बासा में ठेकेदार के साथ विद्युत लाइन का काम करने वाले युवक को करंट लग गया। सुबह खंभे का तार टूटने पर ग्रामीणों ने तार जोडऩे को कहा था। वह तार जोड़ रहा था, उसी दरमियान विद्युत प्रवाह होने ये युवक मगनलाल (32) पुत्र खला परमार गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने युवक को गुजरात के खेड़ब्रह्मा हॉस्पिटल ले गए। जहां मृत घोषित किया गया। सूचना डैया पुलिस चौकी को दी गई। मृतक का शव लेकर परिजन पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पानरवा पहुंचे।


शव को झाड़ोल भेजा
शव लेकर परिजन पानरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने मामला सोम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का होने से शव को झाड़ोल ले जाने का कहा है। थाने का आधे से ज्यादा स्टॉफ चुनाव ड्यूटी में है। फिलहाल थाने में 3 जनों का स्टॉफ होने से हमें भी समस्या हो रही है। फिर भी एक जने को मृतक के साथ तो जाना ही पड़ेगा। - रघुवीरसिंह, हेड कांस्टेबल, पानरवा थाना


नहीं हुआ पोस्टमार्टम
पानरवा में डॉ. मुकेश गरासिया ने मामला सोम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का होना बताकर 35 किलोमीटर दूर झाड़ोल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया। झाड़ोल से मृतक का गांव 70 किलोमीटर दूर है। परिजन घटना के बाद से ही शव को ले कर चक्कर काटते रहे। मंगलवार शाम तक शव पानरवा से झाड़ोल के लिए रवाना किया था।

Published on:
08 May 2019 04:00 pm