उज्जैन

कारों का काफिला लेकर उज्जैन में पंचकर्म कराने पहुंचा आसाराम, 25 अक्टूबर तक चलेगा इलाज

Asaram Bapu Panchakarma Treatment: आसाराम को नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में हुई है उम्रकैद की सजा, हाईकोर्ट से मिली है पैरोल।
2 min read
• •
Updated: 22 Oct 2026, 9:35 PM IST
Asaram Bapu ujjain
Asaram Bapu, फाइल फोटो (Source- Patrika file)

Ujjain Asaram Bapu Panchakarma Treatment: नाबालिग से यौन शोषण के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू की मध्यप्रदेश के उज्जैन में मौजूदगी फिर चर्चा में है। राजस्थान हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद वह स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए बुधवार शाम को मंगलनाथ रोड स्थित आश्रम पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में सुबह 9 से 1 बजे की शिफ्ट में पंचकर्म पद्धति से उपचार कराया। जानकारी लगी है, वह यहां 25 अक्टूबर तक रुकने वाले हैं। हालांकि डॉक्टर ने उन्हें तीन दिन उपचार की सलाह दी है। दूसरी ओर उनके आने की खबर फैलते ही अंकपात रोड स्थित आश्रम में अनुयायियों की आवाजाही बढऩे लगी है।

कारों के काफिले के साथ पहुंचे उज्जैन

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम 4 बजे बाद आसाराम तीन सफेद कारों के पीछे दो अन्य कार के काफिले के साथ मंगलनाथ रोड स्थित आश्रम पहुंचे। गुरुवार सुबह 11 बजे करीब वे आश्रम से कार में सवार होकर शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय पहुंचे। यहां करीब डेढ़ घंटे उन्होंने पंचकर्म करवाया। चिकित्सालय के डॉ. नरेन्द्र मिश्रा के अनुसार आसाराम को सिर दर्द और कमर में दर्द रहता है। इसका उपचार पंचकर्म पद्धत्ति से किया जा रहा है। तकनीशियन उनका उपचार करते हैं और करीब एक से सवा घंटे उपचार में लगते हैं। आसाराम का गुरुवार सुबह 9 से 1 बजे की शिफ्ट में पंचकर्म किया गया, उन्हें दो दिन और उपचार की सलाह दी है।

अनुयायियों को समझाकर भेजा

आसाराम इससे पहले मार्च 2025 में उपचार के लिए उज्जैन आए थे। इस बार भी उनका शहर में ठहराव स्वास्थ्य उपचार से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि गुरुवार को आसाराम के आने की खबर मिली तो आश्रम में अनुयायियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। आश्रम के सेवादार सभी अनुयायियों को समझाते मिले की आप यहां से चले जाइए बापू किसी से नहीं मिलेंगे, कुछ सेवादारों ने तो यह भी कहा कि आपकी वजह से बापू को परेशानी होगी। बता दें, आसाराम नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। जानकारी के अनुसार वे 26 अक्टूबर तक पैरोल पर हैं।

Updated on:
22 Oct 2026, 9:35 PM IST
Published on: