
BJP President Nitin Nabin : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एमपी के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। नितिन नवीन ने अन्य अनेक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। उन्होंने उज्जैन में ही रात्रि विश्राम किया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को तड़के ही महाकाल मंदिर पहुंच गए। वे भस्म आरती में सम्मिलित हुए। नितिन नवीन ने महाकाल की विधिवत पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना व्यक्त की। नितिन नवीन ने बाद में बताया कि उन्होंने भगवान महाकाल से देशवासियों के सुख की कामना की। पीएम नरेंद्र मोदी के लिए भी महाकाल का आशीर्वाद मांगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उज्जैन में गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अंतर्गत 25 लाख दीप प्रज्वलित किए। उन्होंने प्रदेश में स्वामित्व योजना की शुरुआत करते हुए 3 हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री दी। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में नितिन नवीन ने कहा कि सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को प्रदेशवासियों के लिए यादगार बना दिया है। पीएम ने वर्ष 2020 में पंचायती राज दिवस पर जो सपना देखा और जो कार्यक्रम शुरू किया, उसे सीएम ने जमीन पर उतारा। मप्र सरकार ने 55 जिलों में 41 हजार से अधिक गांवों में 68 लाख भूखंड का सर्वे किया। 50 लाख से अधिक लोगो को नि:शुल्क रजिस्ट्री देने का काम शुरू हुआ है।
नितिन नितिन ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, लोग पूछते हैं कि लोग आशीर्वाद का दीया क्यों जला रहे हैं? देश में 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का मकान मिला, गरीब परिवार के सभी सदस्य उस नेता के लिए आशीर्वाद का दीया जलाते हैं तो उन्हें आपत्ति होती है।
उज्जैन में कुछ अन्य कार्यक्रमों और संतों से मुलाकात के बाद नितिन नवीन ने महाकाल मंदिर के पास ही रात्रि विश्राम किया। वे शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे ही भस्मारती में शामिल होने मंदिर पहुंच गए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी उनके साथ थे।
नितिन नवीन ने नंदी हाल में बैठकर पूरी पूजा और आरती देखी। करीब डेढ़ घंटे तक महाकाल की भक्ति में रमे रहे। नितिन नवीन ने महाकाल की देहरी से ही पूजा की। परंपरा के अनुसार नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही।
बाद में नितिन नवीन ने बताया कि उन्होंने देशवासियों के सुख-सम्मान और अच्छे स्वास्थ्य की महाकाल से प्रार्थना की। भगवान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी आशीर्वाद मांगा। महाकाल से प्रार्थना की कि पीएम मोदी इसी प्रकार सेवा करते हुए देश को आगे बढ़ाते रहें। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने नितिन नवीन का स्वागत किया।