
उज्जैन. आगर रोड पर घोसला के पास मंगलवार सुबह करीब 6.45 बजे कंटेनर और बस में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। ये बस उज्जैन से कोटा की ओर जा रही थी। घटना में दो लोगों की मौत और करीब 20 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उज्जैन जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनको उपचार दिया जा रहा है। मामला राघवी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
उज्जैन से कोटा जा रही थी बस
महिदपुर संवाददाता ओम सोनी के अनुसार उज्जैन से कोटा की ओर जा रही ब्रम्हाणी बस क्रमांक एमपी-13 पी 1423 की कंटेनर ट्रक से भिड़ंत हो गई। घटना में करीब 20 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, तथा 2 के मरने की जानकारी प्राप्त हुई है।
कंटेनर से भिड़ी बस
बताया जा रहा है कि रोड पर एक टेम्पो खड़ा हुआ था। टेम्पो चालक द्वारा रोड के बीच में अचानक टेम्पो को खडा कर देने से ये दुर्घटना घटित हुई। टेम्पो को बचाने के प्रयास में ही बस कंटेनर से जा भिड़ी।
घायलों ने बताया
दुर्घटना में अन्य घायलों ने बताया कि एक घायल मनोहर सिंह निवासी खाखरी जीरापुर का तथा मृतक निवासी बड़ौद जिला आगर का गोविंद बताया जा रहा है, जिसकी लाश को पोस्ट मार्टम के लिए महिदपुर लाया गया है। कुछ घायलों का उपचार महिदपुर में भी किया जा रहा है। घटना में अन्य घायलों को घटिया भी भेजा गया है, वहां से उज्जैन के लिए कुछ को रैफर किया है। घटना में एक अन्य मृतक भी है।
नरवर के पास सफारी पलटी, तीन घायल, एक की मौत
उज्जैन. देवास रोड पर नरवर से पहले रात १२.३० बजे सफारी गाड़ी के पलटने से उसमें सवार तीन युवक घायल हो गए और एक की मौत हो गई। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। ये सभी महाकाल दर्शन कर वापस देवास लौट रहे थे तभी रास्ते में हादसा हो गया ।
नरवर थाना प्रभारी विक्रमसिंह ने बताया देवास निवासी हर्ष पिता हिंदूसिंह राजपूत, दिपेश पिता रमेशचंद्र, शिवांग सिंह तथा प्रबलसिंह पिता रामबहादुरसिंह सफारी कार क्रमांक एमपी ४१-एमएन ०००४ से महाकाल दर्शन करने उज्जैन आए थे। रात में दर्शन उपरांत वापस देवास लौट रहे थे। रात १२.३० बजे के पहले नरवर से एक किमी पहले मोड़ पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया । इससे कार एक पेड़ से टकराकर पलट गई। घटना में प्रबलसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीनों घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती करवाया।
सड़क हादसे में ७ घायल
आगर-मालवा/कानड़. सोमवार को कानड़ के समीप दुपाड़ा जोड़ पर मारुति पैन पलट जाने से उसमें सवार ७ यात्री बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को कानड़ से जिला अस्पताल भेजा गया जहां से ३ को गंभीर अवस्था में उज्जैन रेफर किया गया।
ग्राम डेल्ची निवासी मोहनलाल पिता आत्माराम ६०, बसंतीबाई पति राधेश्याम ५०, राधेश्याम पिता आत्माराम ५५, प्रभाशंकर पिता शिवरतन ५५, कलाबाई पति भेरूलाल ६०, बेजसिंह पिता केसाजी ४० निवासी पिपल्या सोनगरा मारूती वेन में सवार होकर डेलची से कानड़ की ओर आ रहे थे तभी कानड़ के समीप दुपाड़ा जोड़ पर मारुति वैन अनियंत्रित होकर पलटी खा गई जिससे वैन में सवार सभी यात्री घायल हो गए। हादसे में चालक ईरफान पिता मोहम्मद २८ निवासी माकड़ोन भी घायल हो गया। घायलों को कानड़ से सीधे जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया जहां से चालक ईरफान, राधेश्याम एवं कलाबाई को गंभीर अवस्था में उज्जैन रेफर किया गया।