उज्जैन

सावधान..इंदौर-उज्जैन फोरलेन पर पुलिसकर्मी के परिवार को लूटा

आेंकारेश्वर से दर्शन कर लौट रहे भारद्वाज परिवार के साथ फोरलेन पर रात ११.४० बजे हुई घटन, चाकू, तलवार व डंडे लेकर आए लुटेरों ने महिला के मंगलसूत्र, अंगूठी मोबाइल व रुपए छीने
3 min read
• •
Updated: 5 Aug 2019, 7:00 AM IST
ujjain crime news,ujjain police news,Inodre police,ujjain hindi nwes,
आेंकारेश्वर से दर्शन कर लौट रहे भारद्वाज परिवार के साथ फोरलेन पर रात ११.४० बजे हुई घटन, चाकू, तलवार व डंडे लेकर आए लुटेरों ने महिला के मंगलसूत्र, अंगूठी मोबाइल व रुपए छीने

उज्जैन. इंदौर-उज्जैन फोरलेन पर रात में सफर करना अब सुरक्षित नहीं रहा। यहां बेखौफ बदमाशों ने शनिवार रात उज्जैन के एक पुलिस परिवार को लूट लिया। बदमाशों ने पुराना तरीका अपनाते हुए पहले कार के टायर पंक्चर कर दिए। जब कार रुकी तो अचानक से घेर लिया। मुंह पर नकाब पहनकर आए बदमाशों ने कार में सवार महिला और युवतियों से मंगलसूत्र, अंगूठी, मोबाइल व नकदी राशि छीन लिए। गनीमत रही कि बदमाशों को किसी से मारपीट नहीं की। हालांकि पुलिस जब तक पहुंचती, बदमाश खेतों में भाग गए। इंदौर फोरलेन पर 20 दिन के भीतर उज्जैन के परिवार के साथ यह दूसरी वारदात है।

मक्सी रोड बायपास स्थित खंडेलवाल नगर में रहने वाले अक्षत भारद्वाज और उनके परिवार के साथ यह लूट हुई है। अक्षत के भाई सुरेश भारद्धाज पुलिस में ही हैं। भारद्वाज परिवार शनिवार सुबह आेंकोरश्वर के दर्शन करने गया था। कार में अक्षत के साथ उनकी मां शिवकुमारी, बहन पूजा व दुर्गेश्वरी तथा भाभी मनीषा व दो वर्ष का बेटा थे। ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर परिवार रात में उज्जैन लौट रहा था। 11.40 बजे के करीब जब उनकी कार धरमपुरी के आगे पहुंची तभी टायर पंक्चर हो गया। कार को एक तरफ लगाया ही था कि अचानक छह बदमाशों ने घेर लिया। इनके हाथ चाकू, तलवार, व डंडे थे। कार का दरवाजा खोलकर इन्होंने महिलाओं से मंगलसूत्र व गहने झपटना शुरू कर दिया। महज 5-8 मिनट के दौरान ही बदमाश सामान छीनकर पास में खेत से फरार हो गए। बाद में अक्षत भारद्वाज ने एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से पुलिस को फोन किया और करीब १५-२० मिनट बाद पुलिस पहुंची। घबराया परिवार पुलिस के साथ सांवेर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कर आधी रात के घर लौटा।
मदद करने नहीं रुके वाहन चालक, स्थानीय व्यक्ति ने की सहायता

लूट के बाद अक्षत ने यहां से गुजरने वाले लोगों से मदद भी मांगी। उन्होंने कारों को हाथ दिया, लेकिन दो कार निकल गई लेकिन किसी ने गाड़ी नहीं रोकी। बाद में एक स्थानीय व्यक्ति आया और उसे घटना बताई तो वह मदद को आगे आया। उसी की मदद से पुलिस को सूचना दी और बाद में सांवेर पुलिस पहुंची।
बॉक्स में लगाए

13 जुलाई को जिंदल परिवार को लूटा था
इंदौर फोरलेन पर कार का टायर पंक्चर कर भारद्वाज परिवार को लूटने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले १३ जुलाई की रात 1.30 बजे दशहरा मैदान निवासी नविया पिता अमित जिंदल के परिवार के साथ बदमाशों ने लूट की थी। बदमाशों ने कार का टायर पंक्चर किया। जब गाड़ी रोकी तो 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने कार को घेरते हुए पत्थर फेंककर कांच फोड़ दिए और हथियारों के बल पर लुटेरों ने मोबाइल फोन, सोने की चेन, अंगूठी, घड़ी, पर्स व नकद सहित अन्य सामान लूट कर ले गए थे। घटना में अब तक पुलिस बदमाशों को पता नहीं लगा सकी है।

कहां होती है पुलिस की गश्त, अंधेरे से गुजरते वाहन
उज्जैन-इंदौर के बीच बड़ी संख्या में शहरवासी दो पहिया व कार से आना-जाना करते है। पिछले २० दिन के भीतर इंदौर फोरलेन पर एक के बाद एक लूट की वारदात से लौग भयभीत हैं। इंदौर आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि पुलिस हाइवे पर गश्त करती है, लेकिन कहीं यह दिखाई नहीं देता है। रोड पर कई जगह अंधेरा छाया रहता है। रास्ते में कभी वाहनों की जांच नहीं होती। स्थानीय रहवासी भी बता रहे हैं कि बदमाश कहीं बाहर के हैं, जो रात में खेतों में छिपते हैं और मौका पाकर लूट की वारदात करते हैं। पुलिस रात में हाइवे पर गश्त के दौरान खेतों की जांच करें तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।

पत्रिका अलर्ट
- इंदौर फोरलेन पर कार में पंक्चर होने पर सूनी जगह नहीं रोके। कार को धीरे-धीरे चलाते रहे।

- टायर पंक्चर या कार खराब होने की स्थिति में तुंरत १०० नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दें।
- परिवारजनों को भी सूचना दें कि रास्ते में उनकी कार का टायर पंक्चर या कार खराब हो गई है। ताकि पुलिस या अन्य से मदद ली जा सके।

- रास्ते में कोशिश करें के किसी ढाबे या ग्रामीण बस्ती के पास ही कार को रोककर सुधारें।

Published on: