
Mohan Yadav Nagda Visit- मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन- नागदा के दौरे पर थे। इस दौरान सैकड़ों मोटरसाइकिलों के काफिले के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (mp cm dr mohan yadav) अचानक बुलेट की सवारी करते नजर आए। बड़े वाहनों के बजाय खुद मोटरसाइकिल पर निकलकर उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर दर्शन के बाद सीएम मोहन यादव का यह अलग अंदाज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
उज्जैन जिले के नागदा में शुक्रवार को मोहन यादव ने ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 5017 करोड़ की लागत से बनने वाले जावरा-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोरलेन हाईवे का भूमिपूजन किया। उन्होंने इसे मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और निवेश के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया। साथ ही उज्जैन-जावरा टू-लेन स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के लिए भी विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रयास कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में कांग्रेस (congress) पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के मध्य में स्थित होने के बावजूद मध्यप्रदेश लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रहा, क्योंकि 55 वर्षों तक कांग्रेस का विकास मॉडल गड़बड़ रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति फूट डालो और राज करो की रही, जिसका परिणाम आज उसे भुगतना पड़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नागदा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात भी दी। विद्यालय में प्रथम चरण में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू होगी। प्रत्येक कक्षा में 40 विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ कुल 200 सीटों पर शिक्षण प्रारंभ होगा। इनमें 25 प्रतिशत सीटें शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत आरक्षित रहेंगी। प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 3 अगस्त से नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्कृष्टता और राष्ट्रीय मूल्यों के निर्माण का सशक्त माध्यम है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने नागदा में आइटीआइ कॉलेज, अटलावदा-निनावटखेड़ा क्षेत्र में डैम निर्माण तथा खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग प्लांट, मटर मंडी स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रोजगार, सिंचाई और कृषि आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गेहलोत, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, प्रभारी मंत्री गौतम टेंटवाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।