उज्जैन

नीरज कुमार सिंह होंगे सीएम के गृह जिले उज्जैन के नए कलेक्टर, कुमार पुरुषोत्तम का भोपाल ट्रांसफर

-रौशनसिंह और अपर कलेक्टर यादव का भी स्थानांतरण, पाठक को निगमायुक्त बनाया

less than 1 minute read
Jan 01, 2024
ias_officers_transfer_in_mp_ujjain_new_collector_in_neeraj_singh.jpg

नए वर्ष की शुरुआत से एक दिन पूर्व शासन ने उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम का स्थानांतरण कर दिया है। उनकी जगह भारतीय प्रशासनिक सेवा वर्ष 2012 बैच के अधिकारी नीरजकुमार सिंह को मुख्यमंत्री के गृह जिले उज्जैन का नया कलेक्टर नियुक्त किया है।

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को उप सचिव मप्र शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल पदस्थ किया गया है। नवनियुक्त कलेक्टर नीरजकुमार आइआइटी चेन्नई से पासआउट हैं। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास की थी। बतौर कलेक्टर यह उनका चौथा जिला होगा। इससे पूर्व वे दमोह और फिर राजगढ़ में कलेक्टर रह चुके हैं। वर्तमान में नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में कलेक्टर हैं। नीरजसिंह मंगलवार को उज्जैन पहुंच पदभार संभालेंगे। उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के साथ ही शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन, विकसित भारत संकल्प यात्रा उनकी प्राथमिकता रहेंगी।

भोपाल स्मार्ट सिटी सीईओ बने रौशनकुमार

नगर निगम आयुक्त रौशन कुमार सिंह का भी तबादला हो गया है। शासन ने उन्हें भोपाल स्मार्ट सिटी सीईओ पदस्थ किया है। रौशनकुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा 2015 बैच के अधिकारी हैं। इसी तरह 2016 बैच की अधिकारी अपर कलेक्टर प्रीति यादव का भी स्थानांतरण कर जबलपुर नगर निगम आयुक्त नियुक्त किया है।

अपर कमिश्नर पाठक बने निगमायुक्त

रौशनकुमार सिंह की जगह राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अपर कलेक्टर आशीष पाठक को उज्जैन नगर निगम आयुक्त बनाया गया है। अभी वे स्मार्ट सिटी सीइओ व नगर निगम में अपर आयुक्त थे। पाठक को अब निगमायुक्त के साथ ही स्मार्ट सिटी सीइओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Updated on:
01 Jan 2024 10:25 am
Published on:
01 Jan 2024 10:22 am