भदौरिया को हटाया, ग्रामीण जिलाध्यक्ष नहीं बदला
उज्जैन. लोकसभा चुनाव से एन पहले कांग्रेस ने उज्जैन शहर अध्यक्ष पद पर बदलाव कर दिया है। रवि भदौरिया को पद से हटाते हुए मुकेश भाटी को नया शहर अध्यक्ष नियुक्त किया है। चुनाव पूर्व अचानक हुए इस बदलाव ने पार्टी के कई नेता-कार्यकर्ताओं को भी अचरज में डाल दिया है।
पार्टी ने 9 जिलों के अध्यक्ष बदले
चुनावी माहौल में प्रत्याशी के नामों की घोषणा के इंतजार के बीच कांग्रेस ने चौंकाने वाला कदम उठाते हुए नौ जिलों में अध्यक्ष बदल दिए हैं। इसमें उज्जैन शहर अध्यक्ष का भी नाम शामिल है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तराना विधायक महेश परमार के नजदीकी मुकेश भाटी को उज्जैन शहर अध्यक्ष बनाया है। नियुक्ति के बाद कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता भाटी का स्वागत करने पीपलीनाका पहुंचे। चुनाव पूर्व हुए फेरबदल के पीछे कांग्रेस नेता भदौरिया का कार्यकाल पूर्ण होने का हवाला दे रहे हैं जबकि जिला ग्रामीण अध्यक्ष पद पर कमल पटेल की जगह अन्य की नियुक्ति नहीं हुई है।
पूर्व अध्यक्ष ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी- इधर अचानक हुए इस बदलाव को लेकर पूर्व अध्यक्ष रवि भदौरिया ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी हैं। दो दिन बाद वे प्रेस कांफ्रेंस कर सकते हैं। बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही उनकी पत्नी का निधन हुआ था और वे अभी पारिवारिक स्थितियों को संभालने में ही लगे हुए थे।
कार्यकारिणी में नहीं करेंगे बदलाव- नई जिम्मेदारी को लेकर भाटी ने कहा, चुनाव नजदीक है जिसके लिए सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। गुटबाजी की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी में अभी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
पार्षद व दो बार ब्लॉक अध्यक्ष रहे भाटी
मुकेश भाटी की छवि मिलनसार नेता के रूप में है। छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय भाटी वर्ष २००० में पार्षद बने थे। इसके बाद दो बार कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, उप्र चुनाव प्रभारी, हाल ही में तराना विधान सभा प्रभारी रहे। वर्तमान में पीसीसी सदस्य हैं।