
खाचरौद. नगर के खेल इतिहास में पहली बार बड़े स्तर पर अंडर-19 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। 29 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से इंपीरियल इंटरनेशनल स्कूल मैदान पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और जुझारूपन का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
टूर्नामेंट के आयोजक एवं स्वच्छता समिति के सभापति नारायण मंडावलिया ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल क्रिकेट मुकाबले आयोजित करना नहीं, बल्कि बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि पहली बार खाचरौद में इतनी बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आज के दौर में बच्चे मोबाइल और डिजिटल उपकरणों में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें खेल मैदानों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों और दर्शकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुना जाएगा। वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट विकेटकीपर, बेस्ट फील्डर, बेस्ट अनुशासित टीम सहित विभिन्न श्रेणियों में भी सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को सहभागिता पुरस्कार भी दिए जाएंगे। आयोजक नारायण मंडावलिया ने नगरवासियों से बड़ी संख्या में मैदान पर पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।