विक्रम विवि में समूह, एकल नृत्य से युवाओं ने उत्सव में मचाया धमाल
उज्जैन. रंगबिरंगी पौषाकें पहनकर जब छात्राएं कालबेलिया डांस कर रही थीं, तो दर्शक दीर्घा में बैठे युवा उछल पड़े। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर तालियों की गूंज हो रही थी। विक्रम विश्वविद्यालय में सोमवार से दो दिवसीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
छह जिलों के प्रतिभागी, 22 विधाएं
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विश्वविद्यालयीन युवा उत्सव का भव्य शुभारंभ सोमवार को हुआ। उत्सव में विवि परिक्षेत्र के छह जिलों के प्रतिभागी २२ विधाओं में सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। उत्सव के पहले दिन ही नृृत्य की प्रतियोगिता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न महाविद्यालय की समूह और एकल नृत्य के दलों ने उत्सव में अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ जमकर धमाल मचाया। उत्सव में नाट्य, गायन, वादन, ललित कला से जुड़ी विधा की प्रस्तुति होगी। सभी विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला दल राज्यस्तरीय युवा उत्सव के लिए भेजा जाएगा।
शुभारंभ में छिड़े गिटार के तार
विक्रम विवि में सोमवार को युवा उत्सव का शुभारंभ समारोह हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विक्रम की युवा संगीत प्रतिभा अभिषेक व्यास (खाचरौद) ने गिटार पर राग तोड़ी का वादन कर श्रोताओं की मंत्रमुग्ध किया। उनके साथ तबले पर संगत अरुण कुशवाह ने की। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के आधारशिला दिवस के अवसर पर सम्राट विक्रमादित्य के मूर्तिशिल्प पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत डॉ. डीके बग्गा ने किया। इस अवसर पर युवा उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. केएन सिंह, विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. राकेश ढंड, अध्ययनशाला छात्रसंघ प्रभारी डॉ. वीरेंद्र चावरे, पूर्व अध्ययनशाला छात्रसंघ अध्यक्ष लक्ष्य मालवीय सहित विभिन्न जिलों के दल प्रबन्धकों और प्रतिभागियों ने किया। इस उत्सव में विक्रम परिक्षेत्र के साढ़े तीन सौ से अधिक प्रतिभागी और कलाकार शामिल हुए हैं।
समापन एवं पुरस्कार वितरण
विश्वविद्यालयीन युवा उत्सव का समापन समारोह मंगलवार को स्वर्ण जयंती सभागार में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में 2 अक्टूबर को सुबह से युवा विभिन्न विधाओं में युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।