उज्जैन

बर्तन चाहिए, तो इस बैंक में आइए

नगर निगम खोलेगा बर्तन बैंक, किराए पर मिलेगी सामग्री, संस्थाओं के माध्यम से जुटाए जाएंगे बर्तन, कार्यक्रमों के लिए न्यूनतम दाम पर सुविधा ले सकेंगे शहरवासी
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2019, 10:24 PM IST
If you want utensils, then come to this bank
नगर निगम खोलेगा बर्तन बैंक, किराए पर मिलेगी सामग्री, संस्थाओं के माध्यम से जुटाए जाएंगे बर्तन, कार्यक्रमों के लिए न्यूनतम दाम पर सुविधा ले सकेंगे शहरवासी

उज्जैन. शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक व डिस्पोजल का उपयोग कम करने के उद्देश्य से नगर निगम अब बर्तन बैंक खोलेगा। इस बैंक में बड़ी संख्या में प्लेट, गिलास, कटोरी, चम्मच आदि बर्तन उपलब्ध रहेंगे। शहरवासी अपने घर में आयोजित मांगलिक या अन्य कार्यक्रमों के लिए इस बैंक से बर्तन न्यूनतम राशि चुकाकर किराए पर ले सकेंगे।

स्वच्छता सर्वेक्षण अंतर्गत नगर निगम ने जल्द बर्तन बैंक शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए निगम को कुछ बर्तन उपलब्ध भी हो गए हैं। वहीं और बर्तनों की व्यवस्था की जा रही है। बैंक शुरू होने के बाद यहां के बर्तनों को किराए पर उपलब्ध कराया जाएगा। निगम एेसा इसलिए कर रहा है ताकि शहर में होने वाले मांगलिक कार्यक्रम या अन्य बड़े आयोजनों में आयोजकों को डिस्पोजल का उपयोग न करना पड़े। कम दाम पर बर्तन उपलब्ध होने से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम होगा। साथ ही शहरवासियों को भी सुविधा मिल सकेगी। फिलहाल बैंक शुरू करने की तारीख व राशि का निर्धारण नहीं हुआ है।

समूह के माध्यम से संचालन

निगम उपायुक्त भविष्य खोब्रागढ़े ने बताया कि बर्तन बैंक के लिए सीएएसआर अंतर्गत निगम कंपनियों से बर्तन उपलब्ध करवा रहा है। एक कंपनी द्वारा कुछ बर्तन उपलब्ध भी करवाए गए हैं। प्रयास है कि बैंक में कम से कम 5 हजार बर्तनों की उपलब्धता रहे। इसके लिए अन्य कंपनियों से भी सहयोग लिया जाएगा। बैंक का संचालन किसी संस्था या स्वयं सहायता समूह के माध्यम से करने की योजना है। बैंक का संचालन कैसे होगा, किन शर्तों पर यह सुविधा मिलेगी, इसके लिए योजना तैयार की जा रही है।

एमआइसी तय करेगी दर

बर्तन बैंक की सुविधा उपलब्ध कराने में वसूले जाने वाले किराए की दर के लिए एमआइसी को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके आधार पर एमआसी द्वारा दर तय की जाएगी। गुरुवार को मेयर इन काउंसिल की बैठक है। संभवत: इसी बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत हो सकता है।

Published on: