उज्जैन

बड़े शहरों की तरह उज्जैन के बस स्टैंड भी होंगे लग्जरी

यूसीटीएसएल की बोर्ड बैठक में हुए महत्वपूर्ण निर्णय, लंबे इंतजार के बाद फिर सिटी बस सेवा शुरू होगी, ई-बाइक शेयरिंग के लिए निकालेंगे टेंडर
2 min read
Dec 23, 2021
Like big cities, the bus stand of Ujjain will also be a luxury
यूसीटीएसएल की बोर्ड बैठक में हुए महत्वपूर्ण निर्णय, लंबे इंतजार के बाद फिर सिटी बस सेवा शुरू होगी, ई-बाइक शेयरिंग के लिए निकालेंगे टेंडर

उज्जैन. लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर सिटी बस सेवा शुरू होगी। यूसीटीएसएल बोर्ड ने ऑपरेटर कंपनी द्वारा जरूरी संधारण के बाद बसों को ऑनरोड करने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही बड़ा बदलाव शहर के बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में भी नजर आएगा। दोनो प्रमुख बस स्टैंड पर आधुनिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी और रेलवे स्टेशन की तरह यात्रियों को यहां भी आने वाली बसों की जानकारी पूर्व से ही एलइडी सक्रीन पर मिल सकेगी।

गुरुवार को उज्जैन सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड कंपनी की बोर्ड बैठक संभागायुक्त की अध्यक्षता में हुई। इसमें निगमायुक्त अंशुल गुप्ता व अन्य अधिकारी भी शामिल थे। बैठक में नानाखेड़ा व देवासगेट बस स्टैंड पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत यहां अनाउंसमेंट के साथ ही बस स्टैंड पर पहुंचने वाली आगामी तीन-चार बसों की जानकारी एलइडी स्क्रीन के जरिए प्रदर्शित की जाएगी जिससे यात्रियों को अपनी बस की जानकारी पहले से ही मिल सके। इसके अलावा सफाई, बैठक सुविधा, टिकिटिंग आदि व्यवस्था को भी और बेहतर किया जाएगा। बस स्टैंड पर सशुल्क बस पार्र्किंग व्यव्स्था लागू करने की भी योजना है। इन सब कार्य के लिए यूसीटीएसएल टेंडर के जरिए एजेंसी तय करेगी।

बसों को सड़क पर लाने की तैयारी

कोरोना के बाद से ही शहर में सिटी बस सेवा बंद पड़ी हुई है। इस बीच यूसीटीएसएल ने संचालन के लिए नई एजेंसी नियुक्त करने टेंडर जारी किए थे। तीन-चार बार टेंडर करने के बाद एक ऑपरेटर कंपनी का चयन किया गया है। लंबे समय से ऑफरोड पड़ी बसों के संधारण का मुद्दा उलझने से बस सेवा शुरू नहीं हो पाई थी। अब ऑपरेटर कुछ बसों में जरूरी सुधार कार्य कर इन्हें ऑन रोड करेगा। इसके लिए नगर निगम यूसीटीएसएल आरटीओ को भी पत्र लिख रूट की अनुमति आद की कार्रवाई करेगा। संभावना है कि एक-दो महीने में कुछ बसों के साथ शहरी व उपनगरीय सिटी बस सेवा देाबारा शुरू हो जाएगी।

ई-बाइक शेयरिंग का भी निर्णय

बोर्ड ने शहर में ई-बाइक शेयरिंग सुविधा शुरू करने का भी निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत शहरवासी या बाहर से आने वालाों को शहर में एक से दूसरे स्थान पर आने-जाने के लिए बैटरी चलित दो पहिया वाहन किराए पर मिल सकेंगे। इसके साथ ही इनकी बेटरी चार्ज करने के लिए चार्जिंग पाइंट जैसी आधारभुत सुविधा विकसित की जाएगी। इसके लिए यूसीटीएसएल टेंडर जारी करेगा।

खराब बस बैचेंगे

बैठक में खटारा हो चुकी पुरानी सिटी बसों को बैचने का भी निर्णय लिय गया है। कंपनी इन्हें कंडम घोषित कर विक्रय करेगी।

Published on:
23 Dec 2021 11:07 pm