26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ड्यूटी पर जा रही 19 वर्षीय युवती पर बीच बाजार में चाकू से 14 वार, उज्जैन में फैली दहशत

Knife Attack Computer Operator: बीच बाजार में आरोपी ने पहले तो युवती का रास्ता रोका और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गया, युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती, 4 दिनों से पीछा कर रहा था आरोपी।
2 min read
Google source verification
ujjain

knife attack 19 year old computer operator stabbed 14 times, 19 वर्षीय युवती पर बीच बाजार में चाकू से 14 वार (source-patrika)

Ujjain Knife Attack: मध्यप्रदेश के उज्जैन में दिनदहाड़े हुई एक घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। यहां एक युवती को ड्यूटी पर जाते वक्त आरोपी ने बीच रास्ते में रोका और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गया। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शहर के दवा बाजार की है, जिस युवती पर हमला हुआ है वो कंप्यूटर ऑपरेटर है और फ्रीगंज स्थित दयाल फार्मा में आठ महीने से नौकरी कर रही है। आरोपी का नाम सुनील बताया जा रहा है, वो बीते 4 दिनों से युवती को परेशान कर रहा था।

ड्यूटी जा रही कंप्यूटर ऑपरेटर पर हमला

उज्जैन के बापू नगर की रहने वाली पूजा रजक फ्रीगंज स्थित दयाल फार्मा में कंप्यूटर ऑपरेटर है, वो रोजाना की तरह शुक्रवार को भी दोपहर करीब 1 बजे ड्यूटी पर जा रही थी। तभी दवा बाजार के मेन गेट पर एक युवक ने उसका रास्ता रोका। युवक और पूजा के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई और फिर युवक ने अचानक से चाकू निकालकर पूजा पर हमला कर दिया। पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें पहले युवक-युवती के बीच बातचीत होती नजर आ रही है और फिर युवक युवती पर चाकू से हमला करते दिख रहा है। बताया गया है कि आरोपी ने युवती पर चाकू से 14 वार किए हैं।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

शोर सुनकर जब तक आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे आरोपी फरार हो चुका था। लोगों ने तुरंत घायल हालत में पूजा को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पूजा की मां और पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पूजा की मां ने बताया कि हमला किसने किया इसके बारे में उसे नहीं पता लेकिन बेटी ने उन्हें बताया था कि सुनील नाम का युवक उसे बीते कुछ दिनों से परेशान कर रहा है। दो दिन पहले ही उसे हमने समझाया था।

घायल हालत में पीड़िता ने बताया आरोपी का नाम

अस्पताल में इलाजरत घायल पूजा रजक ने पुलिस को बताया है कि सुनील उसे बीते 4 दिनों से परेशान कर रहा था। आज जब वो ड्यूटी पर जा रही थी सुनील ने उसका रास्ता रोका और चाकू से हमला कर दिया। डॉक्टरों ने जांच में युवती के पेट, हाथ और गर्दन पर गहरे घाव होने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सुनील जारोलिया उज्जैन के डेंडिया गांव का रहने वाला है, फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।