
Ujjain Mahakal Temple Kanwariya Security Clash: मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकाल मंदिर में बुधवार को कांवडियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद के कारण मंदिर में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई और उपद्रव करने वाले लोगों ने मंदिर में लगी बैरिकेडिंग को तोड़कर नंदी हॉल के अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की हुई। घटना में मंदिर में तैनात तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं, इनमें से दो सुरक्षाकर्मियों को पैरों और सिर में चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को बड़ी संख्या में कांवड लेकर भक्त ओंकारेश्वर से महाकाल मंदिर पहुंचे थे। कांवडियों ने नंदी हॉल में जबरदस्ती घुसने की कोशिश की और जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो विवाद की स्थिति बन गई। उपद्रव करते हुए लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और वहां रखी दान पेटियों को भी इधर-उधर फेंक दिया।
मंदिर प्रशासन समिति की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक महाकालेश्वर मंदिर में आए कुछ उपद्रवी एवं असामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा मंदिर की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को गंभीर रूप से प्रभावित करने का प्रयास किया गया। उक्त व्यक्तियों द्वारा नंदी हॉल में लगी बैरिकेडिंग को तोड़ा गया, व्यवस्थात्मक अवरोधों को क्षतिग्रस्त किया गया तथा दान पेटियों को इधर-उधर फेंकते हुए अनधिकृत रूप से गर्भगृह में प्रवेश करने का प्रयास किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई एवं मारपीट की गई, जिसमें सुरक्षाकर्मियों को गंभीर चोटें आईं।
देखें वीडियो-
मंदिर प्रशासन समिति की ओर से कहा गया है कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल मंदिर की संपत्ति एवं व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने वाली हैं, बल्कि मंदिर में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। धार्मिक आस्था की आड़ में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़, बैरिकेडिंग तोड़ना, मंदिर संपत्ति को क्षति पहुंचाना, सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करना अथवा निर्धारित दर्शन व्यवस्था का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।