उज्जैन

Ujjain Simhastha 2028: श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 3000 से ज्यादा ट्रेनें, 8 स्टेशनों में बनेंगी 17 स्टैबलिंग लाइन

Simhastha 2028: सिंहस्थ 2028 के लिए रेलवे ने तैयारी शुरु कर दी हैय़ 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए 3000 से ज्यादा ट्रेनों के संचालन किया जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 1:48 PM IST
सिंहस्थ में रेलवे का प्लान, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
सिंहस्थ में रेलवे का प्लान, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Simhastha 2028:मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में होने वाले सिंहस्थ 2028 के लिए तैयारियां शुरु हो चुकी हैं। लाखों श्रद्धालुओं को उज्जैन पहुंचाने और वहां से वापस भेजने के लिए रेलवे संचालन का तरीका बदलने जा रहा है। मेला स्पेशल ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर घंटों खड़ी नहीं रहेंगी, बल्कि लगातार फेरे लगाती रहेंगी। इसके लिए मैरी-गो-राउंड और पेंडुलम मॉडल तैयार किया है। इस व्यवस्था में ट्रेनें यात्रियों को उतारकर नए यात्रियों को बैठाएंगी और बिना इंजन बदले अगले फेरे के लिए रवाना हो जाएंगी। इससे स्टेशन पर ट्रेनों का न तो जमावड़ा लगेगा और न ही प्लेटफॉर्म अफरा-तफरी का माहौल होगा।

दोनों दिशाओं में चलेंगी ट्रेनें

रेलवे का पूरा प्लान इंदौर-उज्जैन को केंद्र में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसके तहत आसपास के 7 सैटेलाइट और हॉल्ट स्टेशनों को जोड़कर रेल नेटवर्क विकसित किया जाएगा। मैरी-गो-राउंड मॉडल में ट्रेनें उज्जैन, चिंतामन गणेश, फतेहाबाद रतलाम, नागदा और उज्जैनवि क्रम नगर, लक्ष्मीबाई नगर, फतेहाबाद, रतलाम, नागदा रूट पर लगातार चक्कर लगाएंगी। यानी एक ट्रेन एक फेरा पूरा करने के बाद वापस उज्जैन पहुंचकर फिर यात्रियों को लेकर रवाना हो सकेगी। वहीं पेंडुलम मॉडल में नागदा-उज्जैन-भोपाल, विक्रम नगर-लक्ष्मीबाई नगर-इंदौर के बीच दोनों दिशाओं में ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे इंदौर, भोपाल, रतलाम और चित्तौडग़ढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों को एक ही स्टेशन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

24 कोच की ट्रेनें खड़ी करने के लिए 17 लाइनें

ट्रेनों के लगातार संचालन के साथ उनके रैक तैयार रखने की भी व्यवस्था होगी। आसपास के 8 स्टेशनों पर 600 मीटर लंबी 17 नई स्टैबलिंग लाइन बनाई जाएंगी। इन पर 24 कोच की पूरी ट्रेन खड़ी हो सकेगी। जरूरत पड़ते ही इन रैक को मेला स्पेशल बनाकर संचालन में लगाया जा सकेगा। इस परियोजना पर करीब 123 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

2016 के सिंहस्थ से 20 लाख ज्यादा यात्री

2016 के सिंहस्थ में रेलवे ने 2747 मेला स्पेशल ट्रेनें चलाकर 20.43 लाख यात्रियों को परिवहन सुविधा दी थी। इस बार 30 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसे में 3000 से अधिक ट्रेनों के संचालन की तैयारी है। इनमें ईएमयू और आगे-पीछे इंजन वाली डबल हेडेड ट्रेनें भी शामिल होंगी। मंडल के अधिकारियों के अनुसार मैरी-गो-राउंड और पेंडुलम मॉडल से ट्रेनों का मूवमेंट लगातार बना रहेगा। योजना को राज्य शासन और रेलवे मुख्यालय के समन्वय से अंतिम रूप दिया जा रहा है। यानी इस बार कोशिश सिर्फ ज्यादा ट्रेनें चलाने की नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाने की है कि श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद रेल परिचालन की रफ्तार न थमे।

Updated on:
20 Nov 2026, 1:48 PM IST
Published on: