
MP NEWS: मध्यप्रदेश के उज्जैन में कोर्ट के बाहर एक महिला वकील पर चाकू से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला वकील को हाथ और नाक में चोट आई है। कोर्ट परिसर में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। हमला करने का आरोप एक वकील व दो महिलाओं पर लगा है। पूरा विवाद एक केस को लेकर है वहीं घटना के बाद माधव नगर थाने में महिला वकील ने रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना पुराने कोर्ट भवन के बाहर की है। यहां महिला वकील रिती कटारिया पर चाकू से हमला किया गया। रिती कटारिया का आरोप है कि वकील अजय गुप्ता व उनकी दो महिला साथियों ने मिलकर उन पर हमला किया है। रिती कटारिया ने बताया कि वो पति प्रताड़ित एक महिला का केस लड़ रही हैं। ये केस पहले अजय गुप्ता के पास था लेकिन बाद में पीड़ित महिला उनके पास आ गई और केस लड़ने के लिए कहा। महिला ने केस की फीस भी दी जिसके कारण वो महिला का केस लड़ रही हैं।
पीड़ित महिला वकील रीति कटारिया के मुताबिक अजय गुप्ता ने उसे इस केस को न लड़ने के लिए कहा था लेकिन जब उसने उनकी बात नहीं मानी तो ये हमला किया गया। रीति के मुताबिक अजय गुप्ता व शबनम और विद्या नाम की दो महिलाएं उनके पास आई और कहा कि तुझे के लड़ने से मना किया था और चांटा मारा। फिर अजय गुप्ता ने दोनों महिलाओं से कहा कि मारो इसको। अजय ने ही उन्हें चाकू दिया, हमला करने के बाद जाते-जाते तीनों धमकी दे गए हैं कि अगर आईंदा हमारे केस में आई तो जान से मार देगें। वहीं अजय गुप्ता का कहना है, विद्या और शबनम का महिला वकील से विवाद हुआ। मैं सिर्फ वहां खड़ा था।