उज्जैन

महाकाल मंदिर के लड्डू प्रसादी का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाला, इंफ्लूएंसर के खिलाफ FIR

MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के लड्डू प्रसादी को गुणवत्ताहीन बताने वाले इंफ्लूएंसर के खिलाफ मंदिर समिति ने एफआईआर दर्ज कराई है।

less than 1 minute read
Feb 27, 2026

MP News: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल मंदिर की लड्डू प्रसादी को लेकर वीडियो बनाना एक इंफ्लूएंसर को भारी पड़ गया। महाकाल मंदिर समिति ने भ्रामक जानकारी फैलाने के संबंध में महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

दरअसल, रोशन यादव नामक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के द्वारा 25 फरवरी को लड्डू प्रसादी की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। उस दौरान एक परिवार का वीडियो बनाकर बच्ची की तबियत खराब होने की बात कही थी।

कैल्शियम-आयरन-फाइबर युक्त लड्डू

महाकाल मंदिर समिति के द्वारा श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद रागी आटा (मिलेट), गुड़ एवं शुद्ध घी से पूर्ण स्वच्छता और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया जाता है। रोजाना हजारों श्रद्धालु प्रसाद को गहन आस्था एवं विश्वास के साथ ग्रहण करते हैं। ये प्रसाद लाखों भक्तों की श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। रागी से निर्मित यह श्रीअन्न प्रसादम् कैल्शियम, आयरन और फाइबर का अच्छा स्त्रोत होकर स्वास्थ्यवर्धक है।

समिति ने बताया कि भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्ति रोशन यादव निवासी उज्जैन (सोशल मीडिया इंस्टाग्राम आईडी _roshan_yadav22 के खिलाफ श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा महाकाल थाना में प्रकरण दर्ज कराया गया है।

साथ ही समिति के द्वारा अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस प्रकार के भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो से सावधान रहें तथा किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।

बता दें कि, बीते दिनों पहले रोशन यादव नामक इंफ्लूएंसर के द्वारा स्टंटबाजी करने का मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस के द्वारा हिदायत भी दी गई थी।

Updated on:
27 Feb 2026 06:17 pm
Published on:
27 Feb 2026 06:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर