
उज्जैन. गर्मी के मौसम में बढ़ता तापमान अब परेशान करने लगा है। इससे राहत दिलाने के लिए अब बाजार में नैनो कूलर भी आ गया है। इनकी डिमांड तेजी से बढ़ रही है। बड़े-बड़े कूलर और एसी के साथ अब नैनो कूलर भी छाए हुए हैंं। यह इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस के साथ कूल करने का काम भी कर रहे हैं। यही नहीं, नैनो कूलर बच्चों में खिलौने के रूप में भी काफी पंसद किए जा रहे हैं।
नैनो कूलर और फेन की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग खरीदार हैं। यह मोबाइल से भी चल सकते हैं। इसकी कीमत करीब 80 से 100 रुपए है। यह फेन मोबाइल की यूएसबी से अटैच करने पर भी शानदार हवा देता है। इसे बैटरी से भी चला सकते हैं।
रूम को महका देगा कूलर: बाजार में एक पोर्टेबल कूलर भी उपलब्ध है। इसकी एयर साइड को भी सेट किया जा सकता है। साथ ही इसमें पानी का भी उपयोग भी होता है। इससे कूल एयर मिलती है। लोग इस कूलर में परफ्यूम व सुगंधित चीजों को डालकर रूम को महकाने का काम भी कर रहे है।
कीमत भी कम
इस कूलर की कीमत करीब 400 से 600 रुपए है। लाइट के साथ एयर भी बाजार में एक इलेक्ट्रिक फेन मौजूद है। इस फेन के चारों तरफ गोल घेरे में एलइडी लाइट दी है। घर में बिजली गुल होने पर यह फेन के साथ लाइट भी देगा। एक व्यक्ति इसे अपने पास रखकर आसानी से गर्मी को दूर भगा सकता है और एक रूम में लाइट की समस्या को भी खत्म कर सकता है।
शीतल पेय के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़
आगर-मालवा. गर्मी की दस्तक के साथ ही शहर में एक ओर जहां शीतल पेय पदार्थों की बिक्री एकाएक बढ़ चुकी है। वहीं दूसरी ओर शीतल पेय के रूप में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इसकी ओर न तो स्वास्थ्य विभाग का कोई ध्यान है ओर न ही नगर पालिका इस संबंध में किसी प्रकार की कार्रवाई करने की पहल की गई है।
ऐसी दशा में शहर की विभिन्न गलियों, मोहल्लों में इस समय जलजीरा, रंग-बिरंगी कुल्फियां तथा विभिन्न प्रकार के सोड़ा वाटर लोगों को निम्न स्तर के शीतल पेय बेधड़क परोसे जा रहे हैं। गर्मी के मौसम में तपन से निजात पाने के लिए व्यक्ति विभिन्न प्रकार के जतन करता हुआ दिखाई देता है। इसमें शीतल पेय को अधिक महत्व दिया जाता है। वर्तमान समय में शीतल पेय के रूप में खुले रूप से रसायनिक पदार्थो के मिश्रण से बनी सामग्री के रूप में लोगों को खुले रूप से बीमारियां परोसी जा रही है। शहर में इन दिनों शीतल पेय के नाम पर असंख्य दुकानें खुल चुकी हैं जहां पर ब्रांडेड कंपनियों के उत्पाद की कीमत की अपेक्षा काफी कम दाम पर है।