
Ujjain News : अपने दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में सेवा-संकल्प अभियान का शुभारंभ करने के बाद अब बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंच गए हैं। उज्जैन में शिप्रा नदी के किनारे आरती की गई, जहां 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्री अध्यक्ष नितिन नवीन ने शहर में स्थित शिप्रा नदी के राम घाट पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाया और प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के जश्न की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भाजपा प्रमुख का ये एक बड़ा भक्ति कार्यक्रम माना जा रहा है। भाजपा के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान राम घाट पर 35 लाख से अधिक दीये जलाए गए हैं, जिससे नदी के तट पर उत्सव जैसा और आध्यात्मिक माहौल नजर आ रहा है। बता दें कि, नितिन नवीन घाट पर आयोजित 'भजन संध्या' में भी शामिल हुए हैं।
कार्यक्रम के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि, 'देश का हर कोना, गांव और मोहल्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास योजनाओं के केंद्र में है। इसलिए, उन्हें हर कोने से आशीर्वाद मिल रहा है।'
वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन उज्जैन में भव्य रूप से मनाया जा रहा है…। उज्जैन के हर घाट पर दीये जलाए गए। देश की अर्थव्यवस्था बदली है, लोगों का जीवन बदला है और उज्जैन बदला है। ये हमारे लिए गर्व की बात है। बाबा महाकाल से कामना करूंगा कि, प्रधानमंत्री मोदी को लंबी उम्र दें और उनके शासन में भारत नंबर-1 बने।'
आपको बता दें कि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उज्जैन में ही रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं, दौरे के अगले और अंतिम दिन 18 सितंबर को वो श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचेंगे। मशहूर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आयोजित होने वाली पवित्र 'भस्म आरती' में शामिल होंगे और पारंपरिक पूजा-पाठ भी करेंगे।