उज्जैन

MP में 1 लाख जगहों पर गूंजेगी हनुमान चालीसा, जुड़ेंगे 2 करोड़ हिंदू, तोगड़िया का ऐलान

MP News: विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया ने बड़ा धार्मिक अभियान छेड़ दिया है। एक लाख स्थानों पर हनुमान चालीसा पाठ और करोड़ों हिंदू परिवारों को जोड़ने का है लक्ष्य।
2 min read
Feb 24, 2026
praveen togadia announced hanuman chalisa in 1 lakh locations in MP News
praveen togadia announced hanuman chalisa in 1 lakh locations (फोटो- Patrika.com)

Hanuman Chalisa in 1 Lakh Locations: विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया ने उज्जैन में देशभर में एक लाख स्थानों पर हनुमान चालीसा पाठ कराने की घोषणा की है। उनका दावा है, इस अभियान के माध्यम से एक से दो करोड़ हिंदू परिवारों को जोड़ा जाएगा।

राष्ट्रीय बजरंग दल और राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्वनी के सहयोग से मंगलवार से शहर में दो दिवसीय हिंदू अधिवेशन आयोजित हो रहा है। शहनाई गार्डन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान चालीसा पाठ से होगा। आयोजन के लिए उज्जैन पहुंचे तोगड़िया ने कहा, यह आयोजन एक वर्ष की अवधि में प्रत्येक मंगलवार या शनिवार शाम को किया जाएगा। अभियान के तहत घर-घर से एक मुट्ठी अनाज संग्रहित किया जाएगा, जिसे जरूरतमंद हिंदू परिवारों में वितरित किया जाएगा। (MP News)

1723 समूहों की बैठक में होगा विचार मंथन

अधिवेशन से एक दिन पूर्व तोगड़िया ने कहा कि राष्ट्रीय महासम्मेलन का उद्देश्य अब तो हिंदू ही आगे के संकल्प के साथ सुरक्षित, समृद्ध, सम्मानित, स्वस्थ और स्वावलंबी हिंदू समाज के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना है। उन्होंने कहा कि देश के हर गांव-शहर की गलियों में साप्ताहिक हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में करीब 30 हजार स्थानों पर यह आयोजन नियमित रूप से हो रहा है। तोड़िया ने बताया कि दो दिवसीय अधिवेशन में 1723 समूहों की बैठक होगी, जिनमें करोड़ों हिंदुओं तक पहुंचने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

हनुमान चालीसा केंद्र बनेंगे हेल्प सेंटर

तोगडि़या ने कहा कि हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ पहले से होता आ रहा है, लेकिन अब इसे संगठित रूप दिया जाएगा। प्रस्तावित केंद्र धार्मिक गतिविधि के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए हेल्प सेंटर के रूप में भी कार्य करेंगे। इसे हिंदू समाज के वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां 10 प्रमुख बिंदुओं पर काम होगा। अभियान के अंतर्गत घर-घर से एक मुट्ठी अनाज एकत्र कर जरूरतमंद परिवारों में वितरित किया जाएगा।

मंदिरों में प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए

मंदिरों में प्रवेश शुल्क के मुद्दे पर तोगड़िया ने कहा कि भारत के किसी भी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। हालांकि विशेष व्यवस्थाओं के लिए कुछ स्थानों पर शुल्क निर्धारित है, इस पर उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया। शंकराचार्य से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि जैसे हम आपस में गले मिले, वैसे ही सभी पक्षों में सौहार्द स्थापित होना चाहिए। उन्होंने दोनों पक्षों से संवाद और एकता का आग्रह किया। (MP News)

Updated on:
24 Feb 2026 01:02 am
Published on:
24 Feb 2026 01:02 am