उज्जैन

मर्डर या सुसाइड : गांव से आए परिवार की बेटी अचानक गायब, पानी की टंकी में तैर रही थी लाश…

झारडा से चौकीदारी करने आए परिवार की गुमशुदा पुत्री का शव पानी की टंकी में मिला, हत्या की आशंका।
2 min read
• •
Updated: 14 Apr 2018, 8:46 PM IST
patrika
murder,Suicide,crime,police,missing,

उज्जैन। सप्ताहभर पूर्व झारडा गांव से पिता के साथ मजदूरी करने आई १९ वर्षीय युवती का शव नागझिरी स्थित आदर्श नगर के निर्माणाधीन मकान की टंकी से मिला है। जिस मकान में चौकीदारी करने के लिए परिवार आया था, उसी मकान की टंकी से रात को पानी लेते समय छोटे भाई को बहन का शव दिखा।

पुलिस को दी सूचना
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। युवती तीन दिन पूर्व गायब हो गई थी। युवती के पिता ने नागझिरी थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर पुलिस जांच करेगी। फिलहाल युवती के पिता ने मायापुरी में काम करने वाले मजदूर पर शंका जताई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

दर्ज कराई थी गुमशुदगी
नागझिरी थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि झारडा के पास गांव मुंडला में रहने वाले नाथूलाल का ५ सदस्यों का परिवार एक सप्ताह पूर्व नागझिरी स्थित आदर्श नगर में मुनव्वर के निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी व मजदूरी करने आए थे। तीन दिन पूर्व नाथूलाल ने १९ वर्षीय पुत्री जसोदाबाई की गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसके बाद शुक्रवार देर रात मकान की टंकी से युवती का शव मिला है। मौके पर एफएसएल पार्टी व पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया और शव को बाहर निकालकर पीएम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि युवती के पिता ने मायापुरी में मकान का काम करने वाले शिवा नामक एक मजदूर पर शंका जताई है, जिसके आधार पर शिवा से पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवती ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है।

युवक की पत्नी ने बताए अवैध संबंध
इधर, जानकारी में सामने आया कि जिस दिन युवती लापता हुई थी, उस दिन शाम को शिवा की पत्नी ने नाथूलाल व उसके पुत्र को बताया था कि मेरे पति व जसोदा के बीच संबंध है। इसके बाद से ही जसोदा दिखाई नहीं दी। वहीं नाथूलाल ने शिवा पर हत्या का आरोप लगाया है।

चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी निलंबित
उज्जैन। 2 अप्रैल को मक्सी जीआरपी चौकी प्रभारी महेन्द्र सालुंके ने मानसिक विक्षिप्त महिला के साथ छेड़छाड़ की थी, इसका वीडियो वायरल होते ही एसआरपी कृष्णा वेणी मक्सी चौकी पहुंचीं और रात को ही चौकी प्रभारी को हिरासत में लेकर कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया। जांच जीआरपी एएसपी रश्मि अग्रवाल को सौंपी गई।

मामले में एएसपी ने जांच कर चौकी प्रभारी सालुंके चौकी में पदस्थ एएसआई सहित चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर इंदौर लाईन भेज दिया है। जबकि सालुके जेल में बंद है। उल्लेखनीय है कि मक्सी जीआरपी चौकी प्रभारी ने कैबिन में एक महिला को पूछताछ के बहाने बुलाया व उसके साथ छेड़छाड़ की थी। उक्त घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसका वीडियो भी वायरल हो गया था। वीडियो वायरल होते ही रात को उन्हें थाने से गिरफ्तार भी कर लिया गया। एएसपी दुबे ने बताया कि जांच में चौकी प्रभारी सालुंके द्वारा महिला से छेड़छाड़ की गई उस दौरान थाने में एएसआई तुलसीराम दरबार, प्रधान आरक्षक इच्छाराम, आरक्षक राकेश गुप्ता व आरक्षक नारायण परमार मौजूद थे। घटना की जानकारी होने के बावजूद उक्त लोगों ने कर्तव्य में लापरवाही बरती और नियमों का पालन नहीं किया। जिसके चलते इन पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है।

महिला अब तक लापता
जिस महिला के साथ मक्सी चौकी में छेड़छाड़ हुई थी वह महिला अब तक लापता है जिसके जीआरपी तलाश कर रही है। इसके जीआरपी ने आसपास के सभी स्टेशन पर महिला के पर्च बंटवाये हैं ताकि महिला जल्द सामने आ जाए।

Published on: