
शिवपुरी/बदारवास. जिले के बदरवास थाना अंतर्गत ग्राम बामौर के पूर्व सरपंच के पुत्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही रोजगार सहायक व सचिव पर हत्या के आरोप लगाए हैं। हालांकि मामला संदिग्ध होने के चलते मौके पर एफएसएल अधिकारी को बुलाया गया और डॉक्टरो के पैनल से शव का पीएम कराकर मामले की जंाच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को शुक्रवार की रात सूचना मिली कि ग्राम बामौर के पूर्व सरपंच इन्द्रसेन यादव के 23 वर्षीय पुत्र शील कुमार उर्फ लल्लू यादव की मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची तो मृतक के पिता इंद्रसेन यादव ने बताया कि उसका बेटा शुक्रवार की रात करीब 8 बजे अपने दादा को खेत पर खाना देने गया था, लेकिन जब वह 8.30 बजे तक वापस नहीं आया तो वह उसे तलाशने खेत की तरफ गया तो गांव का सचिव गोविंद यादव व रोजगार सहायक चंद्रभान दोनों रेलवे क्रॉसिंग के पास उसके पुत्र का रस्सी से गला दबा रहे थे और जब मैंने शोर मचाया तो दोनों मुझे देखकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद वह अपने बेटे को अस्पताल ले गया तो वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने हाइवे पर भी चक्काजाम का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद वे मान गए। शनिवार की सुबह एसडीओपी सुजीत सिंह भदौरिया, बदरवास टीआई सुनील शर्मा सहित एफएसएल अधिकारी बरेदिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के गले पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव का पीएम डॉक्टरो के पैनल से कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के गले पर चोट जैसे निशान हैं। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।
सुजीत भदौरिया, एसडीओपी कोलारस
ट्रैक्टर की टक्कर से प्रौढ़ की मौत
जिले के सीहोर थाना अंतर्गत ग्राम कालीपहाड़ी में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से विशाल सोलंकी निवासी सागोनी की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पीएम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाय में मारी कुल्हाड़ी, तीन पर मामला दर्ज
जिले के सिरसौद थाना अंतर्गत ग्राम भौराना में शुक्रवार को मामूली विवाद के चलते लोरे जाटव, चरण जाटव व तेजा जाटव ने मिलकर प्रकाश पुत्र प्रभुलाल धाकड़ निवासी सतनवाड़ा की गाय में कुल्हाड़ी मार दी। घटना में गाय घायल हो गई है। पुलिस ने तीनो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Published on:
14 Apr 2018, 8:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.